कैथल का छात्रावास रोड पर दोपहर 12 बजे ही छाया अंधेरा संवाद
कैथल। जिले में मंगलवार सुबह हल्की धूप निकलने के बावजूद शीतलहर का असर लगातार बना हुआ है। धूप में बैठने के बाद भी लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है। खासकर सुबह और शाम के समय सर्द हवाओं ने जनजीवन को बेहाल किया है। मौसम विभाग के अनुसार जिले में मंगलवार को अधिकतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में हल्की धूप जरूर निकली लेकिन शीतलहर के कारण तापमान में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हो सकी। ठंडी हवाओं की वजह से धूप की गर्माहट भी बेअसर साबित हो रही है।
ठंड के कारण सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, बच्चों और सुबह-सवेरे काम पर निकलने वाले लोगों को हो रही है। सुबह के समय स्कूल जाने वाले छात्र, खेतों में काम करने वाले किसान और दिहाड़ी मजदूर पूरी तरह गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। कई स्थानों पर लोग अलाव का सहारा लेते दिखे। बाजार में भी दिनभर चहल-पहल अपेक्षाकृत कम रही। डॉक्टरों का कहना है कि शीतलहर के दौरान लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। अचानक बदलते मौसम के कारण सर्दी, खांसी, बुखार और सांस से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। बुजुर्गों और बच्चों को सुबह-शाम बाहर निकलने से बचने की सलाह दी जा रही है, साथ ही पर्याप्त गर्म कपड़े पहनने और गरम पेय पदार्थों का सेवन करने की भी जरूरत बताई जा रही है।
जिला मौसम समन्वय अधिकारी डॉ. रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि मौसम के अनुसार अगले कुछ दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है। सुबह और शाम के समय शीतलहर का प्रभाव बना रह सकता है। हल्की धूप निकलने की संभावना है लेकिन तापमान में बढ़ोतरी की उम्मीद नहीं जताई जा रही है। ठंड के इस मौसम को देखते हुए प्रशासन द्वारा भी जरूरतमंद लोगों के लिए अलाव जलाने और रैन बसेरों की व्यवस्था पर ध्यान दिया जा रहा है। आम लोगों ने भी मौसम को देखते हुए सावधानी बरतनी शुरू कर दी है। फिलहाल जिले में ठंड का यह दौर लोगों की दिनचर्या को प्रभावित करता नजर आ रहा है।