सीवन क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही महत्वपूर्ण आवश्यकता अब पूरी होने जा रही है। निरंतर प्रयास और जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाए जाने के परिणामस्वरूप सीवन में फायर स्टेशन को लेकर मुख्यालय से स्वीकृति मिल चुकी है। इस निर्णय से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है, क्योंकि यह मांग वर्षों से की जा रही थी। इस बारे में फायर विभाग के अधिकारी सहायक नरेश का कहना है कि सरकार की तरफ से मंजूरी मिली है। जगह चयनित करने की प्रक्रिया चलेगी। फायर स्टेशन बनने से क्षेत्र के लोगों को सुविधा होगी।
बता दें कि सीवन और आसपास के इलाकों में बढ़ती आबादी, रिहायशी कॉलोनियों, बाजारों और व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार के चलते आग लगने और अन्य आपात स्थितियों की आशंका लगातार बनी रहती है। फसली सीजन के समय में काफी परेशानी होती है। क्योंकि सीवन मुख्यालय से 20 किमी दूर है। फायर स्टेशन होने से अभी एक ही गाड़ी है जो कि निजी स्थान पर खड़ी होती है। स्टेशन बनने से गाड़ियों की संख्या भी बढ़ेगी। आपात परिस्थितियों की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए किए गए इन प्रयास के चलते आखिरकार फायर स्टेशन को स्वीकृति मिली है। प्रस्तावित फायर स्टेशन में अग्निशमन विभाग की गाड़ियां यहीं पर खड़ी रहेंगी, इससे किसी भी आपात स्थिति में दमकल वाहनों को मौके पर पहुंचने में कम समय लगेगा।
अभी तक सीवन क्षेत्र को जिला मुख्यालय या अन्य फायर स्टेशनों पर निर्भर रहना पड़ता था, जो काफी दूरी पर स्थित हैं। दूरी अधिक होने के कारण कई बार दमकल वाहन समय पर नहीं पहुंच पाते थे, जिससे जन-धन का नुकसान बढ़ जाता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि फायर स्टेशन बनने से न केवल सीवन कस्बे को, बल्कि आसपास के गांवों को भी सीधा लाभ मिलेगा। आग लगने, सड़क दुर्घटनाओं या अन्य आपात परिस्थितियों में त्वरित राहत उपलब्ध हो सकेगी, जिससे जनसुरक्षा और अधिक मजबूत होगी। स्वीकृति मिलने के बाद अब जल्द ही निर्माण से जुड़ी औपचारिक प्रकियाएं पूरी की जाएंगी। फायर स्टेशन की स्थापना से सीवन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को एक नई मजबूती मिलेगी।