संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। निर्मल पब्लिक स्कूल, कलायत के खिलाड़ियों ने इस वर्ष भी खंड स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। स्कूल के कुल 35 खिलाड़ियों का चयन विभिन्न खेलों में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए हुआ है।
प्रधानाचार्य अरुण निर्मल ने बताया कि खंड स्तरीय खेलों में स्कूल की कई टीमों और व्यक्तिगत खिलाड़ियों ने भाग लिया और बेहतरीन प्रदर्शन किया। कुश्ती में मनरीत, श्वेता, तमन्ना और सेजल ने प्रथम स्थान हासिल किया, वहीं सेजल ने बैडमिंटन में भी स्वर्ण पदक जीतकर दोहरी उपलब्धि हासिल की।
भारोत्तोलन और शॉट पुट में अंकित, 400 मीटर दौड़ में राजेश, कराटे में लक्ष्य और पोल वॉल्ट में धैर्य ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम खेलों में भी स्कूल का प्रदर्शन शानदार रहा। अंडर-14 फुटबॉल टीम खंड स्तर पर संयुक्त विजेता रही, जबकि अंडर-17 टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। क्रिकेट में अंशु, आकाश, अभिनव, आदित्य, अनीश और वंश का चयन जिला स्तरीय टीम के लिए हुआ।
इसके अलावा, जतिन और श्वेता ने 400 मीटर दौड़ में दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि तमन्ना ने लॉन्ग जंप और शॉट पुट में द्वितीय स्थान पर रहकर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। सभी खिलाड़ी अब कलायत खंड की ओर से जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद स्कूल लौटने पर सभी विजेता खिलाड़ियों का स्कूल प्रबंधन ने भव्य स्वागत किया। प्रधानाचार्य अरुण निर्मल ने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक होते हैं।