कैथल। कोरोना महामारी संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इसी कड़ी में वीरवार को भी जिले में नौ नए संक्रमित मामले सामने आए हैं जबकि सात मरीजों ने कोरोना को मात दी है। अब जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 58 हो गए हैं।
अप्रैल महीने में कोरोना महामारी संक्रमण के मामले कम होने की बजाय लगातार बढ़े हैं। अब तक कुल 65 से अधिक मामले कोरोना संक्रमण के जिले में मिल चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने भी कोरोना सैंपलिंग बढ़ाने के कार्य में तेजी लाई है। वीरवार को कोरोना के कुल 367 सैंपल लिए गए। अब 347 सैंपलों की रिपोर्ट आना बाकी है।
सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि जिले में वीरवार को कुल नौ संक्रमित मामले आने के बाद एक्टिव केस बढ़कर 58 हो गए हैं। वहीं, सात लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं। लोगों को कोरोना से बचाव के लिए बचाव हिदायतों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
यहां मिले हैं संक्रमित
वीरवार को जिले में सौंगरी, फ्रेंड्स कॉलोनी कैथल, सजूमा, डयोढखेड़ी व सेक्टर 21 में एक-एक व अशोक गार्डन कॉलोनी में दो संक्रमित मामले सामने आए हैं।