संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला प्रशासन ने यात्रियों के लिए बस अड्डे पर रैन बसेरा बना दिया है। इसके लिए कंडम घोषित हो चुकी बस में से सीटें हटवाकर इसमें 10 बिस्तर लगा दिए गए हैं। इस पर रैन बसेरे का बैनर लगाकर बस अड्डा परिसर के अंदर ही खड़ा कर दिया है ताकि यदि किसी यात्री को रात को ठहरना हो तो उसे चार से पांच किलोमीटर दूर स्थित रैन बसेरे तक जाने की आवश्यकता न पड़े।
इस समय सिरटा रोड पर स्थित महर्षि वाल्मीकि सामुदायिक केंद्र में नगर परिषद द्वारा तीन मंजिला रैन बसेरे का भवन बनाया है। जिसमें बिस्तर से लेकर कई तरह की सुविधाएं उपलब्ध हैं लेकिन यह रैन बसेरा बस अड्डे व रेलवे स्टेशन से कई किलोमीटर दूर है। इस कारण रात को जरूरत पड़ने पर लोगों को काफी दूर तक जाना पड़ता है। यात्रियों की सुविधा के लिए एक कंडम बस को रैन बसेरे के रूप में तब्दील किया है। इस बस में बिस्तर, रजाई व अन्य सुविधाओं का इंतजाम कर दिया गया है। यह बस, बस स्टैंड परिसर में ऑटो स्टैंड के नजदीक खड़ी है। इससे रात के समय यात्रियों व अन्य जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचने के लिए आश्रय मिलेगा। यहां कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है।
रोडवेज महाप्रबंधक कमलजीत चहल ने बताया कि डीसी के निर्देश पर रोडवेज के सहयोग से कंडम बस में अस्थायी रैन बसेरा बनाया है। जरूरतमंद यात्री इसमें विश्राम कर सकेंगे। बस में बिस्तर, तकिया व अन्य व्यवस्थाओं का इंतजाम किया है।
मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के दिए निर्देश
कैथल। बढ़ती सर्दी के मद्देनजर सोमवार रात को एसडीएम कैथल अजय सिंह ने नए बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अनाज मंडी, व लेबर चौक का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जरूरतमंद लोगों को रेडक्रॉस सोसाइटी की तरफ से कंबल वितरित किए।
एसडीएम अजय सिंह रेडक्रॉस सचिव रामजी लाल सहित अन्य कर्मचारियों के साथ पहले बस अड्डे पर पहुंचें। उन्होंने बस स्टैंड पर कार्यरत कर्मचारियों को बस के अंदर अस्थायी तौर पर रैन बसेरा बनाने के आदेश दिए। नगर परिषद ईओ कुलदीप मलिक को आदेश दिए कि बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन पर रैन बसेरे के बारे में आवश्यक सूचना फ्लैक्स के माध्यम से लगाई जाए, ताकि आम आदमी को रैन बसेरे में रुकने की दिक्कत न हो। उन्होंने निरीक्षण के दौरान कमेटी चौक, अनाज मंडी, बस अड्डा, बाजारों में गलियों में सो रहे लोगों सहित अन्य जरूरतमंद लोगों कोे कंबल वितरित किए। इस मौके पर जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव रामजी लाल और डा. बीरबल दलाल मौजूद रहे। संवाद
अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर खानपान स्टाल की जांच करते बम डिस्पोजल स्क्वैड