शहर में मोबाइल लूट गिरोह ने लोगों की नींद हराम कर रखी है। गिरोह के सदस्य सड़कों पर बाइक, साइकिल या फिर पैदल बात करते हुए जा रहे लोगों के हाथ से बड़े ही आराम से फोन छीनकर भाग जाते हैं। पुलिस थानों में इस तरह की दर्जन भर से ज्यादा शिकायतें आई हैं। पुलिस ने तीन मामलों में एफआईआर दर्ज की है।
तीन माह से इस गिरोह की सक्रियता बढ़ गई है। शुरू में केवल एक कॉल करने के लिए इस गिरोह के सदस्य फोन मांगते थे और फोन लेकर भाग जाते थे। बाद में इससे भी अलग तरीका ढूंढ लिया गया। गिरोह के सदस्य ऐसे लोगों को निशाना बना रहे हैं जो चलते समय फोन पर बात करते हैं। पैदल चलते हुए, साइकिल या फिर बाइक पर चलते समय फोन पर बात कर रहे व्यक्ति के साइड में मोटरसाइकिल लगाकर लुटेरे बड़े ही आराम से मोबाइल छीन लेते हैं।
अधिकतर लोग पुलिस में नहीं करते शिकायत
कई मामलों में लूटे गए फोन की कीमत कुछ हजार में होने के कारण लोग पुलिस थानों के चक्कर काटने से भी बचते हैं जिस कारण थानों में शिकायत ही नहीं दी जा रही। हालांकि महंगे फोन के मालिकों द्वारा पुलिस को सूचित भी किया जा रहा है। थाना सिविल लाइन और थाना शहर में इस तरह की कई शिकायतें और सूचनाएं पुलिस को मिल रही हैं।
छीन लिया था 72 हजार का फोन
कुछ दिन पहले लुटेरे पिहोवा चौक के नजदीक रहने वाले बलविंद्र से 72 हजार रुपये का फोन छीनकर भाग गए थे। बलिंद्र शाम के समय बस स्टैंड के पास फोन पर बातचीत करते हुए सैर कर रहा था। तभी तीन युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और उन्होंने झपटा मारकर फोन छीन लिया। अब तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। दूसरे हुडा सेक्टर-19 के बाहर से एक युवक से मोटरसाइकिल सवार युवकों ने मोबाइल कॉल करने के लिए मांगा। युवक ने मोबाइल दे दिया। युवक मोटरसाइकिल पर फोन लेकर भाग गए। दूसरी ओर चार दिन पहले चंदाना गेट निवास राहुल शाम करीब आठ बजे टोपियां वाले गुरुद्वारे के नजदीक फोन पर बात कर रहा था। तभी दो युवक बाइक पर आए। उन्होंने फोन का छीन लिया और मौके से भाग गए। इसके अलावा सिविल लाइन थाना में एक युवती ने भी फोन छीनने के बारे में शिकायत दी है। लुटेरे बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार होकर आते हैं।
कई शिकायतें आई हैं, जहां पर वारदात हुई हैं, वहां पर गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस ऐसे तत्वों पर कड़ी नजर रख रही है। तकनीकी सहायता लेकर भी पुलिस आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
महाबीर सिंह, थाना प्रभारी, सिविल लाइन
ऐसी शिकायतें आती हैं। कुछ लोग कार्रवाई करने के बजाय केवल सिम बंद करवा देते हैं। पुलिस को आईएमआई नंबर देकर शिकायत दें ताकि आरोपियों को पकड़ा जा सके।
रणबीर सिंह, सब इंस्पेक्टर, शहर थाना
फोन छीनने की कई वारदात हुई हैं जिन पर बड़ी गहनता से कार्य किया जा रहा है। लोगों को चाहिए कि वे ऐसे असामाजिक तत्वों को पकड़वाने में सहयोग करें। अगर किसी पर संदेह तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। फोन छीनने पर केवल सिम बंद करने की शिकायत न दें। फोन के छीनने व चोरी शिकायत दें ताकि सही कार्रवाई अमल में लाई जा सके।
कृष्ण मुरारी, एसपी, कैथल।