अखिल भारतीय जाट महासभा के जिला प्रधान सुभाष बड़सीकरी ने कहा कि आरक्षण को लेकर सभी खाप व सारी जाट सभाएं एक मंच पर आएं। सभी खाप व जाट सभाएं अलग-अलग तौर पर आरक्षण की मांग कर रही हैं। यदि सभी एक मंच पर आकर आंदोलन चलाएं तो प्रदेश के जाट अपने आरक्षण के हक को लेकर ही रहेंगे।
कलायत हलके में जनसंपर्क के बाद कलायत में पत्रकारों से बात करते हुए सुभाष ने कहा कि पंचायत चुनाव के बाद कलायत की अनाज मंडी में एक बड़ा राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें आरक्षण को लेकर आरपार की लड़ाई का एलान किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष ने सांसद राजकुमार सैनी को अपनी हद में रहने की नसीहत देते हुए कहा कि वे जहर उगलना बंद करें। सैनी को राजनीति का कोई ज्ञान नहीं है हैं। वे बेहूदा बयान देकर जाटों को आक्रोशित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सैनी ने यदि अपने अनर्गल प्रलाप को बंद नहीं किया तो प्रदेश का जाट समाज सांसद के खिलाफ मोर्चा खोल देगा। इस मौके पर उनके साथ बलबीर फौजी, बीरा राम बड़सीकरी, लख्मी राम, कर्म सिंह फौजी, सलिंद्र बडसीकरी व जमुना राम भी मौजूद रहे।