कैथल। जिले के सरकारी स्कूलों और डाइट में वितरित किए गए टेबलेट की वास्तविक स्थिति जानने के लिए स्कूल शिक्षा निदेशालय ने सभी स्कूल मुखियाओं को एमआईएस पोर्टल पर डाटा अपडेट करने के निर्देश जारी किए हैं।
निदेशालय ने जिला शिक्षा अधिकारियों और डाइट प्राचार्यों को भेजे पत्र में स्पष्ट किया है कि 10वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों समेत शिक्षकों व डाइट संकाय को टेबलेट उपलब्ध करवाए गए थे। अब इनकी वर्तमान स्थिति दर्ज करने के लिए एमआईएस पर ‘करंट टैब स्टेट्स’ नाम से नया मॉड्यूल विकसित किया जा रहा है। इस मॉड्यूल के माध्यम से स्कूल और डाइट संस्थान यह दर्ज करेंगे कि उनके पास कुल कितने टेबलेट उपलब्ध हैं, उनमें से कितने चालू हालत में हैं, कितने खराब हैं और किन्हें मरम्मत की आवश्यकता है।
जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने अधीनस्थ सभी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों और हाई स्कूलों को समय पर स्टेट्स अपडेट करने को कहें। इसके लिए दो दिसंबर तक का समय दिया गया है। विभाग ने स्टेप-वाइज गाइडलाइन भी जारी की है, ताकि डाटा भरने में किसी प्रकार की दिक्कत न आए। संवाद