कैथल। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) की ओर से आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) रविवार को जिले के चार परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा के लिए प्रशासन पहले से ही तैयार था। इस परीक्षा के लिए तीन चरण की सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थी एक घंटा पहले पहुंच गए थे।
जिले भर से कुल 1634 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया था। सुबह 11 बजे से सभी केंद्रों पर विद्यार्थियों का प्रवेश आरंभ हुआ, ताकि अंतिम समय की हड़बड़ी से बचा जा सके। एडमिट कार्ड और एक वैध फोटो पहचान पत्र से ही परीक्षा हॉल में प्रवेश मिला। किसी भी परीक्षा केंद्र में कोई घटना सामने नहीं आई।
मेडिकल के स्नातक पाठ्यक्रम के लिए राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा रविवार को कैथल में पहली बार हुई है। इस परीक्षा की निगरानी के लिए तीन चरण की सुरक्षा की व्यवस्था की गई थी। करीब 90 फीसदी केंद्र सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में बनाए गए थे।
सुबह 11 बजे विद्यार्थियों के प्रवेश के दौरान गहन जांच प्रक्रिया अपनाई गई जिसमें बॉयोमेट्रिक वेरीफिकेशन, चेहरा पहचान प्रणाली (फेस रिकग्निशन) और पहचान पत्र की पुष्टि शामिल रही।
प्रशासन दिखा सख्त
परीक्षा में सख्ती का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि छात्राओं से हेयर पिन, नाक की कील, कान की बालियां और यहां तक कि गले का धागा भी उतरवा दिया गया। इसको लेकर शनिवार को सभी चारों केंद्रों पर मॉक ड्रिल की गई थी।