कलायत। कलायत में लगातार बढ़ रहे नशे के चक्रव्यूह के खिलाफ नौजवान भारत सभा ने अभियान शुरू कर दिया है। नौभास के सदस्य अजय आशु ने कहा कि कलायत में इस समय नशे के व्यापारियों ने युवावर्ग को अपने मकड़जाल में उलझा लिया है। युवा वर्ग इन मौत के सौदागरों को हर तरह का नशा उपलब्ध करवा रहे हैं। चिट्टा माफिया स्कूल, कॉलेजों से लेकर कोचिंग संस्थानों में नशे के टीके, नशे की गोली सप्लाई कर रहे है। पुलिस-प्रशासन के रहते शहर में अफीम, गांजा व स्मैक युवाओं और बच्चों का भविष्य बर्बाद कर रहा है। नशे के अत्यधिक सेवन के कारण होने वाली मौतों से परिवार उजड़ रहे हैं।
पिछले दिनों दो युवा नशे की अधिक डोज लेने से अपने प्राण गंवा चुके हैं। उन्होंने कहा कि पूंजीवादी व्यवस्था लोगों को नशे के दलदल में ढकेल रही है। बढ़ती नशाखोरी के कारण समाज में अपराधों का ग्राफ भी लगातार बढ़ रहा है। आज गांव शहरों में चोरी, डकैती से लेकर स्त्री विरोधी अपराध के पीछे एक हद तक नशाखोरी भी जिम्मेदार है। नशे की लत के कारण घरेलू हिंसा में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
कई बार तो नशे की लत के कारण आदमी जुआ, सट्टा से लेकर घर के सामान को बेचने की भी हरकत करता है। बेरोजगारी से परेशान युवा नशे की लत के कारण आत्महत्या जैसे आत्मघाती कदम भी उठाते हैं। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ समाज को एकजुट होकर लडऩा होगा। नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की जाए और उनका गांव-शहरों में नशा बेचना बंद करवाया जाए।
अगर आज हम इन सब चीजों को लेकर एकजुट होकर नहीं लड़े तो इस निराशा के दौर में किसी भी घर से कोई भी इस बुरी लत की चपेट में आ सकता है। जो हमारे परिवार और कलायत के लिए बहुत हानिकारक होगा।
उन्होंने कहा कि नौजवान भारत सभा ने नशे के खिलाफ अपना युद्ध शुरू कर दिया है। नौभास सभी जागरूक नागरिकों, महिलाओं और नौजवान दोस्तों से अपील करता है कि कलायत में चिट्टा, अफीम, गांजे, स्मैक के बढ़ते नशे को बंद करवाने में हमारा सहयोग करें। ताकि समाज को नशा मुक्त बनाने की पहल की जा सके। इसी विषय को लेकर वार्ड नंबर 2 के पूर्व पार्षद विक्रम सिंह ने रविवार को कलायत नगर बीबड़ी माता मंदिर में एक पंचायत का आयोजन किया है। पंचायत में सकल समाज का नशा व उसके बेचने वालों के खिलाफ जनमत बना कर अभियान शुरू किया जाऐगा।