संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। श्री विशन सिंह स्पोर्ट्स क्लब टयोंठा की तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन बुधवार को हुआ। फाइनल मुकाबला मुन्नारेहड़ी और नरवाना की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें नरवाना की टीम ने 1-0 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एडवोकेट प्रद्युमन आर्य तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में स्कूल प्रधानाचार्य रोशन लाल उपस्थित रहे। विजेता टीम नरवाना को ट्रॉफी व नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जबकि उपविजेता टीम मुन्नारेहड़ी को भी ट्रॉफी और नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।
मुख्य अतिथि प्रद्युमन आर्य ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि गांव में इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन युवाओं को खेलों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने पिछले 20 वर्षों से लगातार प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए स्पोर्ट्स क्लब के सदस्यों की सराहना की और क्लब को 31,000 रुपये की सहायता भी प्रदान की।
इस अवसर पर सागर राणा, पुष्पेंद्र शर्मा, विकास राणा, मलकीत सिंह, टिंकू, दीपु, ईश्वर सिंह सहित स्पोर्ट्स क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।