संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सिविल लाइन थाना पुलिस ने फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र बनाकर किसी व्यक्ति का नाम फैमिली आईडी से हटवाने के आरोप में भाई-बहन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह शिकायत गांव रसूलपुर निवासी सुनील कुमार ने दी है।
सुनील ने पुलिस को बताया कि उनके माता-पिता बचपन में ही निधन हो चुके थे और कुछ समय पहले उनकी दादी का भी निधन हो गया था। इसके बाद वह अपने परिवार सहित लालडू में रहने लगे। उन्होंने कहा कि गांव चक्कू लदाना के गली और उनकी बहन रानी ने सितंबर 2025 में उनसे संपर्क किया और दावा किया कि उनकी दादी की एलआईसी पॉलिसी में सुनील कुमार नॉमिनी हैं।
आरोपियों ने बताया कि पॉलिसी का पैसा पाने के लिए उनके सारे दस्तावेज और मोबाइल नंबर व ओटीपी की आवश्यकता होगी। इस विश्वास में आकर सुनील और उनके परिवार ने सभी दस्तावेज और मोबाइल फोन लेकर आरोपियों के घर गए। आरोपियों ने दावा किया कि दादी की एलआईसी राशि जल्द ही उनके खाते में आ जाएगी।
प्रार्थना पत्र पर खुलासा
18 नवंबर 2025 को शाम के समय कैथल के लघु सचिवालय से सुनील कुमार के पास फोन आया। कॉल करने वाले ने बताया कि वह कैथल उपायुक्त कार्यालय से बोल रहा है और उनके नाम से एक प्रार्थना पत्र आया है जिसमें उनका नाम फैमिली आईडी से हटाने की कार्रवाई की गई थी। सुनील ने कहा कि वह जिंदा हैं और इस कार्रवाई के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं थी। इसके बाद, सुनील लघु सचिवालय पहुंचे और अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने आरोप लगाया कि यह फर्जीवाड़ा उनके भाई गली और बहन रानी द्वारा मिलकर किया गया। सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी एसआई संदीप ने बताया कि मामले की एफआईअआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और इस तरह के मामलों में सख्ती बरती जाएगी।