संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। गुहला-चीका शहर के समग्र विकास को लेकर डी-प्लान 2041 पर बुधवार सुबह लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिला प्लानिंग एवं जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त अपराजिता ने की। बैठक में डी-प्लान 2041 के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
डीसी अपराजिता ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभाग से जुड़े सुझाव शीघ्र डीटीपी कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि जिला स्तरीय समिति द्वारा अंतिम रूप दिए जाने के बाद डी-प्लान को राज्य स्तरीय समिति की अनुशंसा के लिए भेजा जा सके।
बैठक में डीटीपी प्रवीन कुमार ने समिति के समक्ष डी-प्लान 2041 का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि एक दिसंबर 2011 को गुहला-चीका को अतिरिक्त कंट्रोल एरिया घोषित किया गया था। वर्तमान में तैयार किए गए डी-प्लान को सरकार द्वारा 24 अप्रैल 2025 को इन-प्रिंसिपल स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है, जिसे अब जिला स्तरीय समिति की मंजूरी के लिए प्रस्तुत किया गया है।
डीटीपी ने बताया कि इस विकास योजना के अंतर्गत वर्ष 2041 तक लगभग 1 लाख 75 हजार जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए प्लान तैयार किया गया है। मौजूदा 40 हेक्टेयर क्षेत्र के अतिरिक्त कुल 1500 हेक्टेयर क्षेत्र प्रस्तावित किया गया है, जिसमें प्रति हेक्टेयर 250 लोगों के आवास की योजना है।
इस प्रस्तावित क्षेत्र में 680 हेक्टेयर रिहायशी, 76 हेक्टेयर वाणिज्यिक, 132 हेक्टेयर औद्योगिक क्षेत्र, ट्रांसपोर्ट एवं कम्यूनिकेशन के लिए 154 हेक्टेयर, पब्लिक यूटिलिटी के लिए 81 हेक्टेयर तथा पब्लिक एवं सेमी पब्लिक उपयोग के लिए 184 हेक्टेयर क्षेत्र प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त 193 हेक्टेयर क्षेत्र को भविष्य की आवश्यकताओं के लिए खाली रखा गया है। कुल प्रस्तावित क्षेत्र में से 1451 हेक्टेयर नगर पालिका क्षेत्र तथा 49 हेक्टेयर कंट्रोल एरिया से लिया गया है।
डी-प्लान 2041 के तहत कुल 18 सेक्टर प्रस्तावित किए गए हैं, जिनमें से 11 सेक्टर रिहायशी होंगे। इनमें सेक्टर दो, तीन, छह, 10, 12, 13, 14, 15, 17 और 18 के भाग, साथ ही सेक्टर चार व 11 शामिल हैं। रिहायशी क्षेत्रों में 20 प्रतिशत क्षेत्र ग्रुप हाउसिंग कंपोनेंट पॉलिसी के अंतर्गत रखा गया है।
सेक्टर दो, चार, 12, 15, 17 और 18 के भागों को वाणिज्यिक क्षेत्र में शामिल किया गया है, जबकि सेक्टर एक, पांच और 13 के कुछ हिस्सों को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में प्रस्तावित किया गया है। ट्रांसपोर्ट एवं कम्यूनिकेशन गतिविधियों के लिए चार हेक्टेयर क्षेत्र सेक्टर 10 और 18 में शामिल किया गया है। पब्लिक यूटिलिटी के लिए कुल 81 हेक्टेयर क्षेत्र निर्धारित किया गया है, जिसमें सेक्टर तीन, आठ, 10, 17 और 18 के भाग शामिल हैं। वहीं पब्लिक एवं सेमी पब्लिक उपयोग के लिए सेक्टर सात, आठ, 10, 16 और 18 के हिस्से प्रस्तावित किए गए हैं। इसके अलावा 193 हेक्टेयर क्षेत्र को पार्क एवं ओपन एरिया के रूप में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित रखा गया है।
डीसी अपराजिता ने बैठक में मौजूद जिला प्लानिंग समिति के जनप्रतिनिधि सदस्यों और विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रस्तावित विकास योजनाओं का गहन अध्ययन करें। यदि किसी प्रकार के सुझाव या आपत्तियां हों तो उन्हें तत्काल डीटीपी कार्यालय में प्रस्तुत करें, ताकि जिला एवं राज्य स्तरीय समिति से समयबद्ध मंजूरी लेकर विकास योजना को आगे बढ़ाया जा सके।
इस अवसर पर एडीसी डॉ. सुशील कुमार, डीएमसी कपिल कुमार, गुहला-चीका एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह, डीएसपी गुरविंदर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।