प्रेस कांफ्रेंस करतीं चेयरपर्सन
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
भाजपा नेत्री एवं नगरपालिका चीका की चेयरपर्सन अमनदीप कौर शर्मा ने इशारों इशारों में विधायक कुलवंत बाजीगर पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हम तो शहर के काम करना चाहते हैं पर इलाके के एक बड़ा नेता कदम कदम पर अवरोध खड़े कर रहे हैं। अमनदीप ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि उक्त नेता विकास कार्यों का रास्ता रोकने से बाज आएं वरना वे उन्हें जनता के सामने बेनकाब कर देंगी। उन्होंने कहा कि वे इस मामले को सीएम दरबार भी लेकर जाएंगी। शर्मा नगर पालिका चीका में पत्रकारों को संबोधित कर रही थी। इस अवसर पर पार्षद पवन शर्मा, राजेश ठाकुर, कमल चौधरी, बलकार बल्लू, सीमा रानी, नीतू रानी, रिंपल, सीमा रानी, प्रताप सिंह कंबोज भी मौजूद रहे।
पुरानी है रार
भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजेश शर्मा पिंटू और भाजपा विधायक कुलवंत बाजीगर के बीच चल रही रार नई नहीं है। विधायक कुलवंत बाजीगर किसी और को नगर पालिका अध्यक्ष की कुर्सी पर बिठाना चाहते थे पर उनके विरोध के बावजूद पिंटू अपनी पत्नी अमनदीप कौर को चेयरपर्सन बनाने में कामयाब हो गए थे। सांसद राजकुमार सैनी के कहने पर बेशक विधायक कुलवंत बाजीगर भी चुनाव प्रक्रिया में शामिल हुए थे तथा सर्वसम्मति से चुनी गई अमनदीप शर्मा के निर्वाचन पर हस्ताक्षर भी किए थे, मगर उनके समर्थक सभी पार्षद चुनावी मीटिंग से नदारद रहे थे। एक दूसरे को मीठा खिलाने और बधाई देने की औपचारिकता निभाने के बाद दोनों पक्षों के रिश्ते फिर कड़वे हो गए तथा आज तक खटास कायम है।
जनता में लेकर जाएंगे बात
भाजपा नेता राजेश शर्मा पिंटू ने कहा कि पार्षदों का एक खेमा शहर में काम ना होने के आरोप लगा है। मगर वे काम क्या करवाना चाहते हैं यह बताने तक कभी नगर पालिका नहीं आए। पिंटू ने कहा कि अमनदीप शर्मा ने अध्यक्ष बनने के बाद सारे शहर में समान रूप से विकास करवाने के लिए एक सर्व साझा प्रस्ताव तैयार करके पास करवाया था, जिसमें विपक्षी पार्षदों के वार्डों के भी अहम काम थे लेकिन गुहला के एक बड़े नेता अपने प्रभाव का इस्तेमाल करके प्रशासनिक स्तर रुकावटें खड़ी करके किसी काम को सिरे नहीं चढ़ने दे रहे।
इशारा है तो किसी और की तरफ होगा : विधायक
विधायक कुलवंत बाजीगर से जब इस संबंध में प्रतिक्रिया जाननी चाही गई तो उन्होंने कहा कि वे तो चीका शहर के लिए सीएम से पैसों का अंबार लेकर आएं है। इसलिए पिंटू इशारा जिधर मर्जी हो उधर करें, मेरा उससे कोई वास्ता नहीं है। उन्होंने कहा कि छह करोड़ रुपये तो अभी पिछले हफ्ते लाया हूं जो कि शहर में पार्कों व शौचालयों के कायाकल्प तथा दो कम्यूनिटी हालों के निर्माण पर खर्च होगा। उपरोक्त कार्यों के टेंडर पांच छह दिन के भीतर लग जाएंगे। उन्होंने कहा कि पिंटू हमारी पार्टी के हैं और जहां उनको उनके सहयोग की जरूरत है वे मांगे। वे खुशी खुशी उनका सहयोग करने को तैयार हैं।