संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। बरटा गांव के दिव्यांग विद्यार्थी अमन की गुहार पर कैथल की उपायुक्त (डीसी) प्रीति ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए तत्परता दिखाई और उसे ट्राइसाइकिल दिलवाई।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धनौरी में 12वीं कक्षा का छात्र अमन स्कूल आने-जाने में हो रही कठिनाइयों से जूझ रहा था। मंगलवार को वह परिजनों के साथ डीसी कार्यालय पहुंचा और समस्या को उपायुक्त प्रीति के समक्ष रखा।
डीसी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव रामजी लाल को मौके पर बुलाया और अमन को ई-ट्राइसाइकिल प्रदान करवाई। साथ ही एक पेन भी भेंट किया गया।
ई-ट्राइसाइकिल पाकर अमन और उसके परिजनों के चेहरे खिल उठे। डीसी प्रीति ने कहा कि यह ई-ट्राइसाइकिल अमन को आत्मनिर्भर बनाएगी। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें बराबरी का स्थान दिलाने के लिए प्रशासन प्रयास कर रहा है।