संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सरकार की ओर से लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को 21 सौ रुपये की राशि दी जा रही है, लेकिन जिले की लाडो लक्ष्मी लेने के लिए आगे नहीं आ रही। इसके पीछे राशन कार्ड कटने व अन्य सरकारी योजनाओं से वंचित हो जाने का डर उन्हें सता रहा है। डीसी द्वारा अधिकारियों को अधिक पंजीकरण कराने के निर्देश भी काम नहीं आ रहे। प्रशासन के आंकड़े खुद इसकी बानगी दे रहे हैं। अभी तक 30 हजार महिलाओं ने ही योजना का लाभ लेने के लिए पंजीकरण कराया है। जबकि जिले में पात्र महिलाओं की संख्या 84000 के लगभग है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि महिलाओं में किस हद तक जागरूकता नहीं है। जिला प्रशासन का अमला भी महिलाओं को जागरूक करने में पिछड़ रहा है।
डीसी प्रीति ने कहा कि अधिकारी सुनिश्चित करें कि प्रत्येक पात्र महिलाओं को योजना का लाभ मिले। जिन महिलाओं ने अभी तक योजना के तहत आवेदन नहीं किया है, उन सभी संभावित पात्र महिलाओं से संपर्क किया जाए और उनके मोबाइल एप के माध्यम से आवेदन करवाएं। पात्र महिलाओं को लाभ पहुंचाने के लिए अधिकारी युद्धस्तर पर काम करें। इसके लिए गांव में कैंप भी लगाए जाएं। अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा था कि सभी अधिकारी पंजीकरण की संख्या बढ़ाने को लेकर कड़ी मेहनत करें। गांव में अतिरिक्त स्टाफ भेजकर महिलाओं के पंजीकरण करवाना सुनिश्चित करें और उनका सत्यापन भी किया जाए।