संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शिक्षा विभाग छात्रों को अंक सुधार करवाने का मौका दिया है। मार्च 1990 से लेकर मार्च 2024 तक के छात्र अपने अंकों में सुधार करवा सकते हैं। ओपन और रेगुलर से पढ़े हुए सीनियर सेकेंडरी के छात्र इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं। परीक्षार्थी अधिकतम दो विषयों में अंक सुधार करवा सकते हैं। अंक सुधार करवाने की प्रक्रिया 31 अक्टूबर से जारी है। शिक्षा विभाग के मुताबिक अंक सुधार करने की प्रक्रिया 15 नवंबर तक जारी रहेगी।
इसके लिए विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। अभ्यर्थियों को शिक्षा बोर्ड द्वारा प्राप्त प्रमाण पत्र को किसी राजपत्रित अधिकारी या किसी सरकारी या गैर सरकारी स्कूल के प्राचार्य द्वारा सत्यापित करवाना होगा। इसके बाद इसको ऑनलाइन अपलोड करना होगा। अंक सुधार के लिए अभ्यर्थियों को 10,000 रुपये शुल्क देना होगा। शिक्षा विभाग का कहना है कि अंतिम तारीख के बाद अंक सुधार के लिए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि वे आवेदन प्रक्रिया को ध्यानपूर्वक पूरा करें और सभी आवश्यक दस्तावेज समय पर जमा करें। अंकों में सुधार की आस में बैठे विद्यार्थियों के लिए ये सुनहरा मौका है। इससे उनमें उत्साह भी दिखाई दे रहा है। हालांकि फीस अधिक होने की बात भी कही जा रही है। विद्यार्थियों की मांग है कि फीस में कुछ कठौती होनी चाहिए।
जिला शिक्षा अधिकार सुरेश कुमार ने बताया कि यह पहला मौका है जब हरियाणा बोर्ड ने अपने पूर्व छात्रों को इतने बड़े स्तर पर दोबारा परीक्षा देने का अवसर दिया है। इस योजना का उद्देश्य है कि वे छात्र, जो किसी वजह से पहले उतने अच्छे अंक नहीं ला पाए थे, अब अपनी एजुकेशनल प्रोफाइल मजबूत कर सकते हैं और बेहतर करियर अवसर पा सकें। जो इच्छुक विद्यार्थी हैं, वो फीस भर कर प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।