संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना यूनिट की ओर से आयोजित सात दिवसीय शिविर का शुक्रवार को समापन हो गया। शिविर में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा मुस्कान और ज्योति ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सर्वश्रेष्ठ एनएसएस स्वयंसेवक का पुरस्कार हासिल किया।
इसी क्रम में बीएमसी द्वितीय वर्ष की अंजलि और बीए तृतीय वर्ष की खुशी को बेस्ट एनएसएस आज्ञाकारी वॉलंटियर चुना गया। इसके अलावा बेस्ट एनएसएस स्पीकर का अवार्ड बीएससी द्वितीय वर्ष की पायल को प्रदान किया गया।
शिविर के अंतिम दिन शपथ ग्रहण समारोह, समूह नृत्य, भाषण एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एनएसएस गीत के साथ हुआ। इसके पश्चात स्वयंसेविकाओं ने समूह नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। शिविर के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली स्वयंसेविकाओं को मंच से सम्मानित किया गया। समारोह में प्रबंधक समिति के प्रधान राम बहादुर खुरानिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि एनएसएस शिविर छात्राओं में अनुशासन, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशिष्ट अतिथि प्रदीप हरित ने छात्राओं को कानून की बुनियादी जानकारी के महत्व से अवगत कराया।
उन्होंने महिलाओं से जुड़े कानूनों, उनके अधिकारों, समानता और सम्मान की आवश्यकता पर बल देते हुए महिला सशक्तिकरण से संबंधित प्रावधानों एवं आईसीसी के महत्व की जानकारी दी।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आरती गर्ग तथा सांयकालीन सत्र की प्रभारी प्राचार्या श्वेता तंवर ने शिविर के सफल आयोजन एवं समापन पर सभी को शुभकामनाएं दीं। अंत में सभी स्वयंसेविकाओं को उपहार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर एनएसएस की दोनों यूनिटों की इंचार्ज डॉ. दीपा अत्रि और रेनू बाला सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।