कलायत/कैथल। शिमला गांव में बुधवार को 26 वर्षीय एलएलबी छात्र की कथित रूप से हत्या के बाद शव को पशुशाला के बरामदे की छत में लगे पंखे पर लटका दिया। मामले में शिकायत के आधार पर कलायत थाने में पुलिस ने चार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मृतक के छोटे भाई सुमित व साहिल ने बताया कि वारदात के समय संजीव अकेला पशुशाला के बरामदे के पास बने कमरे में सो रहा था। बुधवार सुबह पोते को जगाने पहुंची बुजुर्ग दादी खजानी उसको फंदे से लटका देखकर सहम गई। उसका शोर-शराबा सुनकर मौके पर पास-पड़ोस व परिवार के लोग पहुंचे। संजीव को बुरी तरह से जख्मी स्थिति में देखकर सभी दंग रह गए। आसपास तोड़फोड़ और बचाव के लिए किए संघर्ष के साक्ष्य भी मिले हैं। घटना की सूचना कलायत पुलिस को दी।
कलायत उप मंडल मुख्यालय डीएसपी सज्जन कुमार और थाना प्रभारी रोहताश कुमार पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फास्ट ट्रैक से कार्रवाई के लिए सीआइए वन, सीआईए टू, साइबर क्राइम, एफएसएल व अन्य टीमें काम में लग गई। इसके तहत पास के मकान में लगे सीसीटीवी को खंगालाा। कैमरे में मंगलवार रात के समय 11 बजकर 45 मिनट पर पशुशाला की मुख्य गली में एक क्रेटा कार आती नजर आ रही है। इसमें सवार तीन अज्ञात लोग अंदर दाखिल होते हैं। इसके बाद एक बजकर 43 मिनट पर बाहर निकले। वाहन और इसमें सवार लोगों की तलाश के लिए तुरंत टीमों को गतिशील किया गया।
डीएसपी सज्जन कुमार ने बताया कि परिजनों ने क्रेटा गाड़ी में सवार लोगों के साथ-साथ मृतक संजीव के ससुराल पक्ष पर वारदात को अंजाम देने के आरोप लगाए हैं। मृतक के परिजनों के मुताबिक संजीव की पत्नी विदेश जाने का निरंतर दबाव बना रही थी। इसके लिए संजीव ने सभी तरह के प्रयास किए लेकिन पत्नी पहले खुद विदेश जाने की योजना बना रही थी। जबकि संजीव उसे अपने साथ लेकर विदेश जाना चाहता था। इसी बात को मुद्दा बनाते हुए पत्नी, सास, सुसर और एक नाती द्वारा संजीव को परेशान किया जा रहा था।
पुलिस के हाथ लगे कई अहम सुराग ः डीएसपी
डीएसपी सज्जन कुमार ने बताया कि गांव शिमला में मृतक संजीव से संबंधित मामले में सूचना मिलते ही पुलिस ने फास्ट ट्रैक कार्रवाई शुरू की। इसके लिए सीआइए, साइबर और विभिन्न जांच टीमों को लगाया गया। मौका स्थल पर तोड़फोड़ व संघर्ष के सबूत मिले हैं। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। परिजनों की शिकायत के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जांच में कुछ ऐसे परिस्थितिगत साक्ष्य पुलिस के हाथ लगे हैं जिससे जल्द घटना को ट्रेस किया जा सकेगा। मामले में परिजनों की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ हत्या की धारा के तहत मृतक संजीव की पत्नी रेनू, ससुर गुरमीत व सास आशा के साथ गांव सिसमौर के राजेश के खिलाफ केस दर्ज किया है।यहां तक की एक वर्ष पहले हुई शादी के संबंध को तोड़कर संजीव की पत्नी को सुसराल पक्ष के लोग अपने साथ ले गए।
खटक रहा पत्नी के परिवार का न आना
सूचना दिए जाने पर मृतक की पत्नी के परिवार से किसी का भी गांव शिमला में न आना भी गांव के लोगों को खटक रहा है। परिजनों व गांव के लोगों का कहना है कि जब तक पुलिस उन तीनों युवकों को पकड़ नहीं लेती तब तक वे मृतक का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। इस बात की पुष्टि करता है के परिजन व गांव के लोग इसे सुनियोजित ढंग से की गई हत्या मान कर चल रहे हैं। डीएसपी सज्जन कुमार ने बताया कि मामले को लेकर विभिन्न एंगल पर कार्य किया जा रहा है। सीआईए वन व सीआईए टू के अलावा साइबर क्राइम की टीम भी हर एंगल से इस मौत की तहकीकात कर रही है।