। राजौंद में पिछले तीन साल से फेरी लगाकर कपड़ा बेच रहे मुजफ्फरनगर के शिकारपुर गांव निवासी अंसार की अज्ञात युवकों ने रविवार रात्रि को लौटते समय आईटीआई के निकट चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। वारदात को लूट की आशंका से अंजाम देने का संदेह जताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया है।
घटना की जानकारी के अनुसार अंसार रविवार रात्रि करीब 7.45 बजे राजौंद में जलघर और आईटीआई के निकट अपनी साइकिल रेहड़ी पर कपड़ा बेचकर लौट रहा था। इसी बीच कुछ युवकों ने अंसार पर हमला कर दिया। हमलावरों की संख्या चार बताई जा रही है जो कि वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। पुलिस की सूचना पर अंसार साथ राजौंद में रह रहे उसके साथी भी मौके पर पहुंच गए।
अंसार के साथियों में वकील, नहीम व सुहेल ने बताया कि वह राजौंद में उनके साथ रहकर तीन साल से फेरी लगाकर कपड़ा बेच रहा था। अंसार 27 साल का था और उसके 2 बच्चे हैं। एसएचओ चंद्रभान का कहना है कि जींद रोड पर यह घटना हुई है। हत्या आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।