31-कैथल। उलटे झाड़ू उठाकर प्रदर्शन करते हुए सफाई कर्मचारी।
- फोटो : Kaithal
कैथल। नगरपालिका कर्मचारी संघ के सदस्यों ने लंबित मांगों को लेकर नगर परिषद कार्यालय से पिहोवा चौक तक उल्टे झाड़ू लेकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कहा कि 25 अप्रैल व 17 अगस्त को हुए समझौते पर सरकार काम नहीं कर रही है। कर्मचारी नेता शिवचरण, राजेंद्र, जयप्रकाश व रामपाल शर्मा ने कहा कि ठेकेदारी प्रथा को सरकार खत्म नहीं कर रही है, कर्मचारियों को समान काम-समान वेतन नहीं दिया जा रहा है, चार- चार हजार रुपये प्रतिमाह जोखिम भत्ता सरकार की तरफ से लागू करना चाहिए, सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाना चाहिए। प्रदर्शन की अध्यक्षता ब्लॉक प्रधान बिट्टू बहोत ने व संचालन ब्लॉक सचिव विक्की टांक ने किया। इस अवसर पर सुशील कुमार चहत लोट, शमशेर सिंह, राजपाल, विजय गिल, सतपाल फौजी, अमित कुमार व रवि कल्याण मौजूद रहे।
कर्मचारियों को किया जा रहा गुमराह
राजौंद। नगरपालिका राजौंद के सफाई कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर मुख्य बाजार व सड़कों पर झाड़ू प्रदर्शन किया। संघ के ब्लॉक प्रधान संजीव व सचिव रोहताश ने कहा कि सरकार बार-बार वादे करके कर्मचारियों को गुमराह कर रही है। उन्होंने बताया कि यदि सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानीं तो दो व तीन मार्च को नगर पालिका, निकायों व परिषदों में सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक क्रमिक भूख हड़ताल की जाएगी। इसके बाद छह मार्च को हिसार में निकाय मंत्री के आवास पर राज्य स्तरीय प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान बबली, राकेश, कृष्ण, संदीप, जोगिंद्र, अनु, निक्की, बीना, सोनू, संजय, बंटी व जसवीर मौजूद थे।