संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में वीरवार को पुलिस लाइन ग्राउंड में कैथल शहरी महिला खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। डिस्कस थ्रो में मुकेश प्रथम और सरोज द्वितीय रहीं। म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में आंबेडकर नगर की मीनाक्षी ने प्रथम स्थान हासिल किया। कर्मजीत कौर को प्रतियोगिता में दूसरा स्थान मिला।
जिला कार्यक्रम अधिकारी गुरजीत कौर ने बताया कि प्रतियोगिता को दो आयु वर्गों (30 वर्ष से ऊपर और 30 वर्ष से कम) में विभाजित किया गया था, जिसमें ग्रामीण ब्लॉक की महिलाओं ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के परिणाम में महिलाओं ने पारंपरिक और एथलेटिक दोनों खेलों में हिस्सा लिया। म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में आंबेडकर नगर की मीनाक्षी ने प्रथम स्थान, बलराज नगर की कर्मजीत कौर दूसरे और डीएवी कॉलोनी निवासी रीना तीसरे स्थान पर रहीं। इसी प्रकार डिस्कस थ्रो प्रतियोगिता में महादेव कॉलोनी की मुकेश प्रथम, प्योदा रोड़ की सरोज द्वितीय तथा आंबेडकर नगर की सीमा तृतीय स्थान पर रहीं।
इसी प्रकार 100 मीटर दौड़ में एंप्लॉयज कॉलोनी की सुनीता प्रथम, जनकपुरी कॉलोनी की कर्मजीत द्वितीय तथा अमरगढ़ गामड़ी की बाला तृतीय स्थान पर रही। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक मंच प्रदान करना था।
इस प्रतियोगिता में जिला कार्यक्रम अधिकारी गुरजीत कौर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी शशि बाला द्वारा की गई। इस अवसर पर सहायक मुकेश, गौरव कौशिक, रमन, सुमन, मंजू, पूनम, स्वाति, राहुल आदि मौजूद रहें।
ये अन्य परिणाम
30 वर्ष से कम आयु वर्ग के की प्रतियोगिताओं मे 300 मीटर रेस में आंबेडकर नगर की सिमरन प्रथम, द्वितीय ऐना तथा आंबेडकर नगर की दुर्गा तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं 400 मीटर रेस में रजनी कॉलोनी निवासी माफी प्रथम, द्वितीय शक्ति नगर निवासी पूजा रानी, सुभाष नगर निवासी प्रीति ने तृतीय स्थान हासिल किया। पांच किमी साइकिल रेस में पुलिस लाइन में रहने वाले मुकेश प्रथम, डीएवी कॉलोनी निवासी पूजा द्वितीय, बलराज नगर निवासी बरखा तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को प्रोत्साहित करने के लिए विभाग द्वारा नकद पुरस्कार राशि दी गई। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली महिलाओं को 2100 रुपये, द्वितीय स्थान के लिए 1100 रुपये और तृतीय स्थान के लिए 750 रुपये की राशि प्रदान की गई।