संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने वर्ष 2025-26 के लिए वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण, सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायतों और स्वयंसेवी संस्थाओं के लिए राज्य पुरस्कार हेतु आवेदन आमंत्रित किए हैं। जिला उपायुक्त अपराजिता ने बताया कि यह पुरस्कार विभिन्न श्रेणियों में पात्र व्यक्तियों और संस्थाओं को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए दिए जाएंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी अमितेंद्र श्योकंद ने जानकारी दी कि इस वर्ष कुल 10 श्रेणियों में पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। व्यक्तिगत श्रेणियों में शतायु पुरस्कार (100 वर्ष से अधिक आयु), सर्वश्रेष्ठ माता पुरस्कार, साहस और वीरता पुरस्कार, लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार और वरिष्ठ खिलाड़ी पुरस्कार शामिल हैं।
कला के क्षेत्र में वरिष्ठ चित्रकार, वरिष्ठ मूर्तिकार, वरिष्ठ गायक/संगीतकार और वरिष्ठ नर्तक के लिए अलग-अलग पुरस्कार होंगे। प्रथम पुरस्कार के रूप में 50 हजार, द्वितीय 30 हजार और तृतीय 20 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।संस्थागत श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायत, सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवी संस्था, सर्वश्रेष्ठ वृद्धाश्रम और सर्वश्रेष्ठ डे-केयर सेंटर शामिल हैं।
इनमें प्रथम स्थान पाने वाली संस्था को एक लाख, द्वितीय 75 हजार और तृतीय 50 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इच्छुक आवेदक विभाग के पोर्टल पर सभी आवश्यक दस्तावेजों और प्रमाण-पत्रों के साथ 12 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।