संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज के 77वें स्थापना दिवस समारोह में कुरुक्षेत्र के सांसद और देश के अग्रणी उद्योगपति नवीन जिंदल को महात्मा हंसराज गौरव सम्मान से अलंकृत किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा के लिए लंबा कानूनी संघर्ष करने और उसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए नवीन जिंदल के अथक प्रयासों की उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मंच से भरपूर तारीफ की।
गौरतलब है कि राजनीति, उद्योग, शिक्षा जगत और पोलो, निशानेबाजी जैसे खेलों को एक नई ऊंचाई पर पहुंचाने वाले कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल को हंसराज कॉलेज ने दो दिन पूर्व अपने 77वें स्थापना दिवस पर खास मेहमान के रूप में आमंत्रित किया था। जिंदल ने इसी कॉलेज से कॉमर्स में डिग्री हासिल की है। अपने इस होनहार छात्र की उपलब्धियों को देखते हुए हंसराज कॉलेज ने नवीन को महात्मा हंसराज गौरव सम्मान से अलंकृत किया।
यह सम्मान उन्हें दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह और हंसराज कॉलेज की प्राचार्या प्रो. रमा ने प्रदान किया। इस मौके पर उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा कि वे सैनिक स्कूल-चित्तौड़गढ़ के विद्यार्थी हैं, जहां के पूर्व छात्रसंघ ने उनसे अनुरोध किया है कि उनके स्कूल में भी नवीन जिंदल विशाल राष्ट्रीय ध्वज लगाएं।
उन्होंने पूर्व छात्रसंघ को भरोसा दिलाया कि जब वे नवीन जिंदल के कॉलेज जाएंगे, जहां से उन्होंने ग्रेजुएशन पूरी की है, वहां वे निवेदन करेंगे कि सैनिक स्कूल-चितौड़गढ़ में भी विशाल ध्वज फहराएं। नवीन जिंदल ने एक्स के माध्यम से उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के आभार व्यक्त किया।