संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कलायत के कुलवंत नगर निवासी एक युवक सुरेंद्र (27) की हत्या मां-बेटे और एक अन्य युवक ने तेजधार हथियार से कर दी। पुलिस ने भाई की शिकायत पर मानस निवासी पूनम, उसके बेटे और अन्य युवक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी सुशील कुमार ने बताया कि मृतक के भाई वीरेंद्र ने बताया कि उसका भाई 27 वर्षीय सुरेंद्र 28 अक्तूबर की रात किसी काम से कैथल शहर आया था। 30 अक्तूबर को शाम करीब चार बजे उसे सूचना मिली कि उसके भाई की मौत हो गई है। मौके पर पहुंचने पर उसने देखा कि सुरेंद्र की छाती पर गहरे घाव थे।
हत्या हनुमान वाटिका के पास सेक्टर-18 की सड़क किनारे एक दुकान के पास हुई। बताया गया कि सुरेंद्र दुकान की पहली मंजिल पर था। हमला होने पर उसने बचाव के लिए नीचे छलांग लगा दी और भागने की कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण वहीं गिर पड़ा। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
डीएसपी सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। सीआईए और सिविल लाइन थाना की संयुक्त टीम मामले की गहनता से जांच कर रही है। जल्द ही वारदात के कारणों और साजिश का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर महिला, उसके बेटे और एक अन्य युवक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। सभी टीमें मामले की जांच कर रही हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। डीएसपी सुशील कुमार
20 मिनट तक बेहोश पड़ा रहा, नहीं पहुंची एंबुलेंस
संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। करनाल रोड स्थित एक दुकान के सामने यह वारदात हुई। जब आरोपियों ने सुरेंद्र पर तेजधार हथियार से हमला किया तो बचाव के लिए वह दुकान की पहली मंजिल से करीब 15 फीट नीचे सड़क पर कूद गया और वहीं बेहोश होकर गिर पड़ा लेकिन करीब 20 मिनट तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची।
राहगीरों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी थी लेकिन एंबुलेंस को पहुंचने में लग गया। इस दौरान लोग सड़क पर खड़े होकर वाहन रोकते रहे और एंबुलेंस का इंतजार करते रहे, ताकि युवक को जल्दी अस्पताल पहुंचाया जा सके। बाद में डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल सुरेंद्र को एंबुलेंस से सिविल अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी उपासना यादव, डीएसपी सुशील और सिविल लाइन थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए, जबकि पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालती रही।
शाम को मृतक के भाई ने शिकायत दी, जिस पर महिला, उसके बेटे और एक अन्य युवक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। यह भी जानकारी
मिली है पुलिस ने दो लोगों को मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा मामला ः पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज में घटना स्थल वाले मकान से एक महिला और दो युवक उतरते हुए दिखाई दे रहे हैं। एक युवक को महिला के साथ हाथापाई करते और तेजधार हथियार (पेचकस) थामे हुए देखा जा सकता है। पुलिस इसे प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला मानकर जांच कर रही है।
कमरे में नीचे गद्दे और बिखरे कपड़े
मकान के उस कमरे में जहां वारदात हुई, तीन गद्दे बिछे हुए थे और उन पर कपड़े बिखरे पड़े थे। पास में बाथरूम के पास कीचड़ जमा था। कमरे में तीन जोड़ी चप्पलें, पानी की बोतल, मोबाइल चार्जर, माचिस और कुछ खाने का सामान पड़ा मिला। कमरे से सटी एक छोटी रसोई भी थी।
युवक के हैं बेटा और बेटी
मृत युवक की शादी हो चुकी थी। उसके एक बेटा और एक बेटी हैं। चर्चा है कि आरोपी महिला के साथ सुरेंद्र का प्रेम संबंध था। बताया गया कि दुकान के ऊपर बने कमरे में दोनों मौजूद थे, तभी महिला का बेटा और एक अन्य युवक वहां पहुंच गए और वारदात को अंजाम दिया गया।
नजदीकी दुकान से ही खरीदा था पेचकस
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने वारदात से पहले नजदीक की एक दुकान से ही तेजधार पेचकस खरीदा था, उसी से हमला किया गया। जिस मकान में वारदात हुई, वह मृतक के दोस्त ने किराये पर लिया हुआ था और सुरेंद्र अक्सर वहां आता-जाता था। एसपी उपासना यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम देर रात तक जांच में जुटी रही।
घटना के बाद सीसीटीवी में कैद आरोपी मां-बेटा।
घटना के बाद सीसीटीवी में कैद आरोपी मां-बेटा।
घटना के बाद सीसीटीवी में कैद आरोपी मां-बेटा।