करनाल रोड पर आसमान में छाए बादलों का दृश्य। संवाद
कैथल। पिछले कुछ दिनों से उमस और भीषण गर्मी की मार झेल रहे लोगों को मौसम के बदले मिजाज ने राहत दी है। मंगलवार सुबह-सुबह हुई हल्की बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं के चलने से मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया। आसमान में काले बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो से तीन दिनों तक क्षेत्र में बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
मौसम में आए इस अचानक बदलाव के कारण सुबह से ही करीब 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। इन हवाओं ने वातावरण में मौजूद उमस को पूरी तरह से खत्म कर दिया है। सुबह सैर पर निकले लोगों ने सुहावने मौसम का जमकर लुत्फ उठाया। ठंडी हवाओं के कारण लोगों को कूलर और एसी की जरूरत से भी राहत मिलती दिखाई दे रही है। बारिश और ठंडी हवाओं का सीधा असर क्षेत्र के तापमान पर देखने को मिला। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस पर हो गया है।
अगले कई दिनों तक बारिश के आसार
कृषि विशेषज्ञ डाॅ. हरमीत लांबा के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और मानसूनी हवाओं के सक्रिय होने के कारण मौसम में यह बदलाव देखा जा रहा है। विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि अगले कई दिनों तक रुक-रुक कर बारिश का यह दौर जारी रह सकता है। इस दौरान कुछ इलाकों में तेज बारिश तो कहीं सिर्फ बूंदाबांदी और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है। आने वाले सप्ताह में तापमान में और अधिक गिरावट दर्ज की जा सकती है जिससे आगामी दिनों तक मौसम में ठंडक बनी रहेगी। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यह बारिश फसलों के लिए भी काफी फायदेमंद साबित होगी।
करनाल रोड पर आसमान में छाए बादलों का दृश्य। संवाद