संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पुलिस ने एक गाड़ी से दो क्विंटल से ज्यादा डोडा पोस्त बरामद किया है। धुंध व अंधेरे का फायदा उठाकर दो आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस की टीम रात्रिकालीन गश्त के दौरान गांव बढ़सीकरी खुर्द से बालू रोड पर मौजूद थी। वहां सूचना मिली गांव मोहल खेड़ा निवासी गुरमेल व नरवाना निवासी मोनू फोरचुनर गाड़ी में भारी मात्रा में डोडा पोस्त लेकर आते हैं और कैथल में सप्लाई करते हैं।
वे दोनों गाड़ी में बालू की तरफ से बढ़सीकरी खुर्द की तरफ आने वाले हैं। पुलिस ने बालू रोड पर निगरानी शुरू की। जहां एक गाड़ी आती दिखाई दी।
पुलिस टीम ने गाड़ी को रुकने का इशारा किया गया तो उसमें सवार चालक व उसका अन्य साथी गाड़ी को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। जांच के दौरान गाड़ी में लदे 10 प्लास्टिक कट्टों से 203 किलो 410 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। प्रवक्ता ने बताया कि आरोपियों की पुख्ता पहचान हो गई है, जिन्हें शीघ्र ही काबू कर लिया जाएगा।