सीवन। सीवन में विकास कार्य न होने, सीवरेज चालू न होने, निकासी न होने व नगरपालिका बनने के लंबे समय के बाद भी चुनाव न होने के मुद्दे को हलका गुहला विधायक देवेंद्र हंस ने विधानसभा में उठाया। कहा कि सीवन में नगरपालिका बने हुए अरसा बीत गया है पर अभी तक पालिका के चुनाव नहीं हुए हैं। इसके साथ ही नगर में विकास कार्य भी नहीं हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नगर में सीवरेज का कार्य आरंभ हुए तो 9 वर्ष हो गए हैं परंतु आज तक पूरा नहीं हो पाया है। नगर में निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है जिसके कारण परेशानी होती है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से निवेदन किया कि सीवन नगर की इन समस्याओं का समाधान करवाया जाए। इसके बाद पत्रकारों से बात करते हुए हंस ने कहा कि पूरा हलका गुहला का प्रत्येक गांव उनका अपना गांव है और सीवन उनका घर है। हलके का विकास करवाना ओर यहां की समस्याओं को सदन में उठाना व उनका समाधान करवाना उनकी प्राथमिकता है। संवाद