कैथल शहर की जनकपुरी कॉलोनी में देर शाम थार गाड़ी में सवार होकर आए बदमाशों ने एक युवक पर लाठी-डंडों और गंडासे से हमला कर दिया। हमले में 24 वर्षीय रमन गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
शमशेर खानपुर ने बताया घायल रमन शहर में एक एल्यूमिनियम की दुकान पर काम करता है। वह काम से लौटकर उसकी दुकान के आगे जनकपुरी कॉलोनी में बैठ गया। इसी दौरान एक थार गाड़ी वहां आकर रुकी। गाड़ी से 10 से 12 युवक उतरे, जिनके हाथों में लाठी, डंडे और गंडासे थे।
बदमाशों ने आते ही युवक को बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया जिससे वह घायल हो गया। हमलावरों ने दुकान का शीशा भी तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। हमले में युवक के दोनों पांवों में गंभीर चोटें आई हैं। उसके सिर पर गहरी चोट लगने के कारण टांके लगाए गए हैं, जबकि हाथ की एक उंगली भी टूट गई है। घायल को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
डायल-112 के इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अज्ञात युवकों ने एक युवक की पिटाई कर दी है। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मामले की जानकारी संबंधित थाना पुलिस सिविल लाइन को दे दी गई है। घायल के बयानों के आधार पर पुलिस आगामी कार्रवाई करेगी। शहर में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी बदमाश को बख्शा नहीं जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।