कैथल। लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर में सहायक आयुक्त (अंडर ट्रेनी) शिवानी पांचाल ने आमजन की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनका समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गांव सलेमपुर निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनके पुत्र की मृत्यु के बाद दो छोटे बच्चों के पालन-पोषण में आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और अनाथ बच्चों के लिए संचालित सरकारी सहायता योजना का लाभ अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है। सहायक आयुक्त ने जिला बाल कल्याण अधिकारी को मामले की जांच कर पात्रता अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उनके साथ कैथल एसडीएम संजय कुमार और सीटीएम कैप्टन प्रमेश कुमार मौजूद रहे। शिविर में परिवार पहचान पत्र में आय संशोधन, अनाथ बच्चों को आर्थिक सहायता दिलाने, अतिक्रमण हटवाने, राजस्व रिकॉर्ड में नाम दुरुस्त करवाने और अन्य जनहित से जुड़े मामलों की शिकायतें प्राप्त हुईं।
ये भी आईं शिकायतें
- अंबेडकर नगर निवासी सचिन ने परिवार पहचान पत्र में आय ठीक करने के लिए आवेदन किया। इस पर क्रिड विभाग को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
- डीएवी कॉलोनी के कुछ निवासियों ने एक गली पर अतिक्रमण होने से आवागमन प्रभावित होने की शिकायत दर्ज करवाई। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। इस पर संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
- पट्टी अफगान निवासी एक शिकायतकर्ता ने राजस्व रिकॉर्ड में नाम गलत दर्ज होने संबंधी शिकायत प्रस्तुत की। सहायक आयुक्त ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक संशोधन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।
ने कहा कि जन शिकायतों का पारदर्शी, संवेदनशील और जवाबदेह तरीके से निपटान प्रशासन की प्राथमिकता है। जिन मामलों का समाधान मौके पर किया जा सकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाए। - शिवानी पांचाल, सहायक आयुक्त (अंडर ट्रेनी)
समाधान शिविर में शिकायतें रखते फरियादी।- फोटो : योगेश कुशवाहा