संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जाट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार को आयोजित सात दिवसीय एनएसएस शिविर की विधिवत शुरुआत हुई। इसमें रंगारंग कार्यक्रमों के बीच नशा मुक्ति का संदेश दिया गया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों व स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
शिविर के शुभारंभ पर जाट हाई स्कूल समिति के प्रधान राजकुमार बेनीवाल, उप प्रधान बलजिंदर बनवाला, महासचिव एडवोकेट रश्मि सिंह ढुल एवं कोषाध्यक्ष बलकार नैन का विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेश कुमार ने भव्य स्वागत किया।
संस्था के प्रधान राजकुमार बेनीवाल ने स्वयंसेवकों को ऐसे रचनात्मक एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एनएसएस स्वयंसेवकों को राष्ट्रहित में श्रमदान कर देश की उन्नति में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
प्रधानाचार्य नरेश कुमार ने स्वयंसेवकों को एनएसएस शिविरों से मिलने वाली सीख को समाज तक पहुंचाने और जन-जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। इस सफल आयोजन में एनएसएस यूनिट अधिकारी सुनील कुमार एवं पूनम का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नशा मुक्ति पर आधारित लघु नाटिका ने दर्शकों का मन मोह लिया और समाज को नशे से दूर रहने का सशक्त संदेश दिया।
इस अवसर पर हरियाणा पुलिस के कांस्टेबल सुनील कुमार संधू ने स्वयंसेवकों को नशा मुक्ति के साथ-साथ ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी और उनका पालन करने का आह्वान किया। एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा विद्यालय परिसर में एक विज्ञान प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसमें नन्हे वैज्ञानिकों ने अपने नवाचार और वैज्ञानिक सोच का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन कर्मवीर कुंडू ने किया। इस अवसर पर मनीष, राममेहर, जसवंत, धर्मवीर, अनीता, किरण, पूनम, मनीषा एवं रेनू सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।