हरियाणा कैथल के आरकेएसडी कॉलेज में विद्यार्थियों को इंटरनेट की बेहतर सुविधा देने के लिए लगाई गई 4 एमबीपीएस इटरनेट लीज का कोई लाभ नहीं मिल रहा है। बीएसएनएल की ओर से जनवरी माह से शुरू की गई चार एमबीपीएस लीज में केवल 2 एमबीपीएस डाटा ही मिल रहा है। जिसके कारण कॉलेज प्रशासन को एक लाख 63 हजार रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। कॉलेज प्रशासन करनाल, अंबाला, कैथल सहित बीएसएनएल विभाग को शिकायत दे चुका है। लेकिन करीब छह महीने बीत जाने के बाद भी 4 एमबीपीएस का डाटा कॉलेज में नहीं आ रहा है।
विद्यार्थियों की बेहतर सुविधा के लिए लगाई गई थी इंटरनेट लीज
17 दिसंबर 2015 को तत्कालीन एसडीएम व कॉलेज प्रशासक मनदीप कौर ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए प्रत्येक लैब, ऑफिस को इंटरनेट से जोड़ने के लिए कॉलेज में 4 एमबीपीएम इंटरनेट की लीज लगवाई थी। जिसके लिए बीएसएनएल ने 1 लाख 63 हजार रुपये व टैक्स भरवाया गया था। 29 दिसंबर को कॉलेज ने कुल 1 लाख 87 हजार रुपये की राशि जमा करवाई थी।
विद्यार्थियों को हो रही है परेशानी
कॉलेज की छात्रा मोनिका, सोनिया, कल्पना, अंकिता शर्मा, दीपिका, योगिता, अनिल कुमार ने बताया कि लैब में इंटरनेट सुविधा है। लेकिन बहुत कम स्पीड है। जिसके कारण साइटें नहीं खुल पाती है। इंटरनेट न चलने के कारण बाहर से जाकर प्रोजेक्ट आदि तैयार करने पड़ते हैं। इंटरनेट का लाभ नहीं मिल रहा है। आरकेएसडी संस्थान में स्कूल व चार कॉलेज चल रहे हैं। इसके अलावा कॉलेज में दर्जनों लैब हैं। आरकेएसडी पीजी कॉलेज, आरकेएसडी बीएड कॉलेज, आरकेएसडी सांयकालीन सत्र, आरकेएसडी पब्लिक स्कूल, आरकेएसडी फार्मेसी कॉलेज शामिल है। इन संस्थानों में करीब 12000 से अधिक विद्यार्थी हैं।
कॉलेज प्रिंसिपल ओपी गर्ग ने बताया कि 4 एमबीपीएस इंटरनेट लीज लाइन के लिए करीब छह महीने पहले एक लाख 87 हजार रुपये की राशि बीएसएनएल को जमा करवाई है। लेकिन केवल 2 एमबीपीएस की स्पीड आ रही है। जिसकी शिकायत वह बीएसएनएल अंबाला, करनाल व कैथल में कर चुके हैं। लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ है। कॉलेज को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
इस संदर्भ में बीएसएनएल के एसडीओ अरविंद अत्रेय ने बताया कि उनकी ओर मीडियम जुड़ा हुआ है। कोई तकनीकी समस्या हो सकती है। जल्द ही उसका चैक करवाया जाएगा। समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।