संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। कैलरम गांव में डेरा सिद्ध बाबा ठंडू नाथ में पांच दिनों से जारी धार्मिक कार्यक्रम का बुधवार को भव्य ढंग से समापन हो गया। आयोजन के अंतिम दिन पांच जरूरतमंद परिवारों की कन्याओं का सामूहिक विवाह किया गया और गांव कैलरम व तितरम के हर घर ने सामूहिक भोज का आनंद लिया।
धार्मिक उत्सवों के बारे में जानकारी देते हुए महंत बालक नाथ ने बताया कि 21 मार्च को कलश यात्रा का आयोजन किया गया था। 22 से 26 मार्च तक प्रतिदिन हवन व भंडारा का आयोजन किया गया। अंतिम दिन तितरम व कैलरम गांव में चूल्हा न्योता होता है। इसके चलते हर घर को भंडारे में आने का निमंत्रण होता है। उन्होंने बताया कि मुख्य भंडारे से पूर्व पांच जरूरतमंद परिवारों की कन्याओं का सामूहिक विवाह किया गया जिसमें दोनों गांवों के लोगों व बड़ी संख्या में मौजूद साधु-संतों ने नवयुगलों को अपना आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम के अंतिम दिन उझाना पीर महंत बाबा राजनाथ, हीरो कलां पंजाब से महंत विजय नाथ, महम के विधायक बलराज कुंडू, कमलेश ढांडा मुख्य तौर पर मौजूद रहे। गांव के युवकों ने पांचों ही दिन पूरी निष्ठा व समर्पण से अपने दायित्वों का निर्वहन किया।