कैथल के गांव बड़सीकरी खुर्द में विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर पति, सास और ननद के खिलाफ दहेज प्रताड़ना के आरोप में केस दर्ज कर लिया। आरोपी पति बलवान हरियाणा पुलिस में कांस्टेबल है। आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मृतक पूजा के परिजनों ने उसके पति व ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद मामले में हत्या की धाराएं भी जोड़ दी जाएंगी।
चीका के वार्ड नंबर 17 निवासी गुरबचन सिंह ने बताया कि उसकी बेटी पूजा की शादी 2020 में गांव बड़सीकरी निवासी बलवान सिंह पुत्र रामदिया के साथ हुई थी। बलवान हरियाणा पुलिस में कांस्टेबल है। बलवान और उसके परिवार वाले उसकी बेटी को अक्सर दहेज कम लाने पर प्रताड़ित करते थे और उसके साथ मारपीट करते थे। सोमवार रात डेढ़ बजे बलवान ने अपनी मां व बहन के साथ मिलकर उसकी बेटी की हत्या कर दी और शव को फांसी पर लटका दिया ताकि मामले को आत्महत्या का रंग दिया जा सके।
मृतका के भाई ईश्वर ने बताया कि पूजा ने उन्हें रात को 12 बजे फोन करके बताया था कि उसके ससुराल वाले उसकी हत्या की योजना बना रहे हैं। उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। तब उन्होंने पूजा को समझाया था कि वह सुबह आकर उसकी ससुराल के लोगों से बात करेंगे। क्योंकि अक्सर पूजा के साथ मारपीट की घटनाएं होती रहती थी। इसके बाद रात को 1:30 बजे बलवान का फोन आया कि पूजा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। वे अपने परिवार के लोगों के साथ मौके पर पहुंचे तो उन्हें घर में कोई भी नहीं मिला। पूजा का पति, उसकी सास व ननद सभी घर से गायब थे। पूजा के शव की हालत देखकर साफ अंदाजा लगाया जा सकता था कि उसे मारकर फांसी पर लटकाया गया है। पूजा के परिजनों ने कलायत पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने बलवान उसकी मां व बहन के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
डीएसपी कलायत सज्जन सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। उसके बाद अगर जरूरी हुआ तो मामले में हत्या की धाराएं भी जोड़ दी जाएंगी। फिलहाल दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है।