संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। काकोरी शहीद दिवस के अवसर पर राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कलायत में शहीदों की विरासत को जानो विषय पर शहीद यादगारी सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें मानसी को पहला पुरस्कार मिला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. रामगोपाल शर्मा ने की। प्रतियोगिता में कक्षा 12वीं की छात्राओं ने भाग लिया, प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं को भारतीय स्वतंत्रता संग्राम, क्रांतिकारी आंदोलन और शहीदों के जीवन संघर्षों से परिचित कराना था।
अर्थशास्त्र प्रवक्ता विश्व प्रताप सिंह राणा ने छात्राओं को काकोरी एक्शन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि से अवगत कराया और बताया कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में इतिहासबोध, देशभक्ति, सामाजिक एकता और लोकतांत्रिक चेतना को मजबूत करती हैं। उन्होंने राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खान, राजेन्द्रनाथ लाहिड़ी और ठाकुर रोशन सिंह की मित्रता और बलिदान को साझा विरासत का संदेश बताया। डॉ. रामगोपाल शर्मा ने कहा कि प्रतियोगिता में क्रांतिकारी आंदोलन, काकोरी एक्शन तथा भारतीय इतिहास और राजनीति से जुड़े प्रश्न शामिल किए गए। छात्राओं की सक्रिय भागीदारी और उत्सुकता इस बात का प्रमाण है कि युवा पीढ़ी अपने इतिहास और शहीदों की विरासत को जानने के लिए गंभीर है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को कलम और मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सुरेंद्र कुमार, धीर सिंह, गुरनाम सिंह, प्रदीप ढांडा मौजूद रहे।