आढ़तियों ने वरिष्ठ आईएएस पीके दास पर आढ़तियों, किसानों व सरकार के बीच दरार पैदा कर करोड़ों रुपये की हेराफेरी का आरोप लगाया है। हरियाणा आढ़ती एसोसिएशन की प्रदेशस्तरीय बैठक के बाद मीडिया के सामने आढ़ती आईएएस पीके दास पर जमकर बरसे और कहा कि पीके दास को हरियाणा सरकार मंडियों से दूर करें, तभी आढ़तियों की समस्याओं का समाधान होगा।
बैठक में पानीपत से आए धर्मबीर मलिक ने कहा कि हरियाणा में व्यवस्था रूपी ट्रक किसान और आढ़ती नामक दो टायरों पर चल रहा था। जब से आईएएस पीके दास इस व्यवस्था में आए हैं, तभी से वे किसान नामक टायर में सूए घोंप-घोंप कर इसे खत्म कर चुके हैं और यह टायर अब किसानों की आवाज के रुप में फट चुका है। इसी प्रकार से व्यापारी नामक टायर के अंदर लगातार सूए घोंपे जा रहे हैं। जिससे आढ़तियों का काम धंधा चौपट होने के कगार पर है। प्रदेश प्रवक्ता रामअवतार पंचकुला ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल जीरो टॉलरेंस की बात भ्रष्टाचार पर करते हैं। लेकिन इस बात की जांच करवाएं कि क्यों आईएएस पीके दास ने पिछले सीजन में आढ़तियों द्वारा किसानों को किए जाने वाले भुगतान को पहले एक निजी बैंक के खाते में जमा करवाया। करीब 1427 करोड़ रुपये के ब्याज में गड़बड़ी की है पीके दास ने उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के साथ मिलकर। इस साजिश का भंडाफोड़ होना चाहिए। यदि वे गलत निकले तो वे अपनी मांग वापस ले लेंगे। यदि ब्याज की इस गड़बड़ी में पीके दास दोषी निकले तो उनके खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करे। आढ़तियों ने यह भी कहा कि आज भाजपा के नेताओं को आढ़ती सूदखोर, किसानों को लूटने वाला दिख रहा है, जबकि यही पार्टी है, जिसे पहले व्यापारियों की पार्टी कहा जाता है। आज व्यापारी भी लगातार रोने पर मजबूर है।
दुष्यंत चौटाला पर साधा निशाना: आढ़तियों ने कहा कि दुष्यंत चौटाला, जिसे कहते थे कि देवीलाल की मूर्ति है, उसने उनके नाम को मिट्टी में मिला दिया। सरकारें आती जाती रहती हैं, लेकिन नेताओं को जनता पर ध्यान देना चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पर कसा तंज: बैठक में आढ़तियों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ पर भी तंज कसा और कहा कि यही वे किसान नेता हैं, जो कमीज उतारकर स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने की बात कहते थे। आज तीन सांसदों की कमेटी बनाई गई है, उसके सामने भी आढ़तियों की कोई बात रखने का प्रावधान नहीं है। बैठक में कैथल से जिला अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान अश्वनी शोरेवाला, रामनिवास मित्तल, राजकिशन रज्जी, सुरेश चौधरी, ध्यान सिंह पूंडरी, प्रेम बजाज सिरसा, विजय चौधरी सिरसा सहित भारी संख्या में आढ़तियों ने भाग लिया।
आईएएस पीकेदास का वर्जन चंडीगढ़ से लिया जा सकता है।