संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सेना का फर्जी मेजर बनकर लोगों को ठगने वाले जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के गांव अवनीपुरा निवासी मेहरराज उद्दीन हजाम को कैथल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कैब में सवार होकर हिसार की ओर जा रहा था।
तितरम मोड़ पर पुलिस की नियमित नाकाबंदी के दौरान उसकी गाड़ी को रोका गया। पूछताछ में उसने खुद को भारतीय सेना में मेजर बताया, लेकिन जब उससे पहचान पत्र मांगा गया तो वह
कोई आईडी प्रस्तुत नहीं कर पाया। इस पर पुलिस को शक हुआ और सख्ती से पूछताछ करने पर उसने असली पहचान उजागर कर दी।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने शादी डॉट कॉम पर निशांत सहारन के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर हिसार की एक युवती को अपने झांसे में लिया। खुद को सेना का अधिकारी बताकर उसने शादी का प्रलोभन दिया और करीब 30 हजार रुपये की ठगी की। अपनी फर्जी
पहचान को विश्वसनीय बनाने के लिए आरोपी ने चंडीगढ़ से आर्मी की वर्दी खरीदी थी, ताकि लोग उसे असली अधिकारी समझें।
जांच में सामने आया कि मेहरराज वर्ष 2021 से 2023 तक चंडीगढ़ में वेटर का काम करता था। वर्ष 2025 में काम न मिलने के कारण उसने ठगी का रास्ता अपनाया। कैथल पुलिस ने आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए हिसार पुलिस को सौंप दिया है।