यमुनानगर। औद्योगिक क्षेत्र स्थित ग्लोब पैनल फैक्टरी के बाहर शनिवार को तेल के खाली दो टैंकर में आग लग गई। इस दौरान टैंकरों की कटिंग कर रहेलेबर ने भागकर अपनी जान बचाई।
सूचना पाकर दमकल की एक गाड़ी के साथ पहुंचे दमकल कर्मियों ने 20 मिनट में आग बुझा ली। गनीमत रही कि आग दोनों ओर लगे बिजली ट्रांसफार्मर और ठीक सामने पटाखा गोदाम तक नहीं पहुंची, अन्यथा हादसा बड़ा हो सकता था। दमकल कर्मी ललित ने बताया कि दमकल विभाग को दिनेश नाम के आदमी ने यहां आग लगने की सूचना दी थी। चंद मिनट में दमकल टीम माैके पर पहुंची।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यहां लेबर वेल्डिंग सेट की मदद से टैंकरों की कटिंग कर रही थी। तभी टैंकर के अंदर की ओर सूखे तेल पर चिंगारी गिरी और पूरे टैंकर में आग लग गई। अचानक आग भड़कने पर टैंकर कटिंग में लगी लेबर मौके से जान बचाकर भाग गई। एक टैंकर में लगी आग साथ लगते दूसरे टैंकर तक पहुंच गई। संवाद