संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। मुख्यमंत्री स्कूल सौंदर्यीकरण प्रतियोगिता में माजरी के राजकीय प्राथमिक पाठशाला व राजकीय मिडिल स्कूल को खंड स्तर पर प्रथम स्थान मिला है। प्राथमिक पाठशाला के मुख्य शिक्षक चांद राम व मिडिल स्कूल के मुख्याध्यापक सतीश कुमार ने बताया कि पिछले दिनों खंड शिक्षा अधिकारी गुहला ने अन्य सदस्यों के साथ माजरी के दोनों स्कूलों का दौरा कर स्कूल की सुंदरता व प्रबंधों को जांचा था।
चांद राम ने बताया कि गांव के दोनों स्कूल को प्रथम स्थान मिलने पर स्कूल के बच्चों में खुशी का माहौल है। उन्होंने बताया कि स्कूल परिसर को हर प्रकार से सुंदर बनाने के लिए वे अपने स्टाफ सहित लंबे समय से प्रयासरत थे। उन्होंने कहा कि स्कूल का वातावरण स्वच्छ व सुंदर रहने से बच्चों का पढ़ाई में मन लगता है और उनमें स्वच्छता संबंधी आदतों का विकास होता है, जिससे वे भविष्य में अच्छे नागरिक बन पाते हैं।
प्रोत्साहन पुरस्कार परिणाम
राजौंद। खंड शिक्षा अधिकारी एवं खंड संसाधन संयोजक राजौंद बलबीर कश्यप ने बताया कि खंड स्तरीय मुख्यमंत्री स्कूल सौंदर्यीकरण प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत परिणाम जारी हो चुके हैं।
उन्होंने बताया कि प्राथमिक विद्यालयों की श्रेणी में राजकीय कन्या मॉडल संस्कृति प्राइमरी स्कूल जाखौली ने प्रथम, मिडिल स्कूलों की श्रेणी में राजकीय माध्यमिक विद्यालय बिरथे बाहरी ने प्रथम, उच्च विद्यालयों की श्रेणी में राजकीय कन्या उच्च विद्यालय भाना ने प्रथम, इसी प्रकार वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों की श्रेणी में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखौली ने प्रथम स्थान हासिल किया। इनको 50 हजार रुपये की राशि स्कूल मुखिया को भेज दी गई है।
इस उत्कृष्ट योजना के लिए खंड शिक्षा अधिकारी ने मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी और स्टाफ का आभार प्रकट किया। संवाद