कार्यक्रम में मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए रामप्रताप गुप्ता। प्रवक्ता
कैथल। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, शहरी निकाय और नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के दूरदर्शी विचार आज भी समाज को समानता, सहयोग और सामाजिक समरसता का संदेश देते हैं। लगभग 5150 वर्ष पूर्व महाराजा अग्रसेन ने एक रुपया-एक ईंट की परंपरा के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता और आर्थिक असमानता दूर करने का मार्ग दिखाया था। उनके सिद्धांत आज भी समाज के उत्थान के लिए प्रासंगिक हैं।
मंत्री विपुल गोयल गीता भवन मंदिर में महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान महाराजा अग्रसेन समिति की ओर से उनका फूल-मालाओं और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। मंत्री विपुल गोयल ने पिहोवा चौक का नाम महाराजा अग्रसेन चौक रखने की मांग पर नगर परिषद चेयरपर्सन सुरभि गर्ग को निर्देश दिए कि इस संबंध में नगर परिषद से प्रस्ताव पारित करवाकर चौक की सुंदर ड्राइंग तैयार करवाई जाए और निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे भेजी जाए।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से हिसार के नए एयरपोर्ट का नाम महाराजा अग्रसेन के नाम पर रखना गौरव की बात है। एयरपोर्ट से पहली उड़ान राम मंदिर के दर्शन के लिए भेजी गई थी। उन्होंने बताया कि अग्रोहा में पुरातात्विक स्थल की लगभग 82 प्रतिशत खुदाई अभी बाकी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार ने इस कार्य के लिए 40 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। खुदाई पूरी होने के बाद महाराजा अग्रसेन के इतिहास और उनकी गौरवशाली विरासत के बारे में और अधिक जानकारी मिल सकेगी। कार्यक्रम में नगर परिषद चेयरपर्सन सुरभि गर्ग और राम प्रताप गुप्ता ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। इस अवसर पर मोहन लाल, रामकुमार बंसल, राम प्रताप गुप्ता, हिमांशु गोयल और प्रवीण सिंगल उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए रामप्रताप गुप्ता। प्रवक्ता
कार्यक्रम में मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए रामप्रताप गुप्ता। प्रवक्ता
कार्यक्रम में मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए रामप्रताप गुप्ता। प्रवक्ता