संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खेड़ी गुलाम अली में वीरवार को जैव विविधता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें वक्ताओं ने जैव विविधता संरक्षण के वर्तमान परिदृश्य और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला। रैन हार्वेस्टिंग के लाभ समेत ज्यादा कीटनाशकों के प्रयोग की हानियां बताई गईं। साथ ही बच्चों को पर्यावरण संतुलन बनाने के लिए जागरूक रहने को प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य हरपाल सिंह ने की। मंच संचालन सतबीर सिंह जागलान ने किया। कार्यक्रम में गांव के सरपंच गगनदीप सिंह ने भी शिरकत की। मुख्य वक्ता के रूप में जिला संयोजक रेखा ने कहा कि जैव विविधता की जानकारी से हम पृथ्वी और मानवता को बचाने में कामयाब हो सकते है। इसके लिए हमें समय रहते जागना होगा।
उन्होंने कहा कि हमने अपनी जरूरतों के लिए जितने पेड़ों की कटाई की लेकिन उतनी संख्या में पेड़ों को लगाने में कामयाब नहीं हुए। फसलों की पैदावार बढ़ाने के लिए कीटनाशक दवाइयां को ज्यादा छिड़काव कर रहे है। इस कारण विभिन्न प्रकार के जीव, कीट, पतंगे, धरती के मित्र कीट नष्ट हो रहे हैं। जल बचाने के लिए हमें कुंआ, तालाब के साथ साथ घरों ओर सार्वजनिक स्थानों पर रैन हार्वेस्टिंग से जल का संचय करना होगा।
रेखा रानी ने विद्यालय के बच्चों से फीड बैक लेने पर नौंवीं कक्षा की छात्रा खुशी ने कूड़ा-कर्कट को निर्धारित डस्टबिन में डालने के बारे में अपने विचार रखें। नौंवीं कक्षा का छात्र शिवम ने पराली प्रबंधन के बारे में विचार रखे, महक ने पशुओं को लगने वाले इंजेक्शन के गलत प्रभाव के बारे में बताया। छात्रा मनजीत व पलक ने प्लास्टिक के प्रयोग न करने के बारे में व वर्मीकंपोस्ट खाद के बारे में अपने विचार रखें। इस कार्यक्रम में जयगोपाल, सचिन धीमान, चीनू, शमशेर, भारत, विजय गर्ग भी मौजूद रहे।