संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। राष्ट्रीय विद्या समिति ने आरकेएसडी महाविद्यालय के इंडाेर स्टेडियम में बॉक्सिंग रिंग का विस्तारीकरण किया। इसका उद्घाटन राष्ट्रीय विद्या समिति एवं महाविद्यालय की प्रबंधक समिति के प्रधान अश्विनी कुमार शोरेवाला ने किया। उधर, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय क्योड़क में उल्लास योजना के तहत सामाजिक चेतना केंद्र का उद्घाटन किया गया।
राष्ट्रीय विद्या समिति के सदस्यों की गहरी सोच के परिणाम स्वरूप आरकेएसडी महाविद्यालय के इंडाेर स्टेडियम में कई सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा चुकी हैं। इसके अंतर्गत बॉक्सिंग रिंग का विस्तारीकरण किया गया ताकि नए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को एक ही समय में प्रशिक्षित किया जा सके।
इस अवसर पर आरवीएस एवं प्रबंधक समिति के पूर्व प्रधान साकेत मंगल अधिवक्ता, प्रबंधन समिति के कोषाध्यक्ष सुनील चौधरी, परचेज कमेटी अध्यक्ष नरेश शोरेवाला, कॉलेज ऑफ़ फार्मेसी प्रधान नवनीत गोयल अधिवक्ता, गौरव मंगल, विकास शर्मा मौजूद रहे।
उधर, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय क्योड़क में मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी रामदिया गागट ने रिबन काटकर सामाजिक चेतना केंद्र का उद्घाटन किया। उन्होंने अपने संबोधन में नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के महत्व को रेखांकित करते हुए सभी को निरंतर सीखते रहने और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि यह व्यक्ति के चारित्रिक, नैतिक और सामाजिक विकास में भी सहायक होनी चाहिए। नोडल अधिकारी निर्मल सिंह ने कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं विभिन्न गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की। अनिल कुमार तंवर ने आजीवन शिक्षा के महत्व पर बल दिया।
यशपाल ने संबोधन में कहा की शिक्षार्थियों को सकारात्मक सोच अपनाने और लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए राजनीतिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति ने मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में उल्लास नोडल अधिकारी निर्मल सिंह, आहार कैथल के प्रवक्ता यशपाल, जिला विज्ञान विशेषज्ञ अनिल कुमार तंवर आदि ने भाग लिया।