संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका/कैथल। शुक्रवार की रात थेह मुकेरिया में चाकुओं से गोदकर किशोर की हत्या में प्रेम प्रसंग वजह बताया जा रहा है। करीब एक महीने पहले भी प्रेम प्रसंग की आंशका के चलते दो किशोरों की हत्या की गई। बरटा गांव में हमउम्र नाबालिग किशोरों की तेजधार हथियार से हत्या की और फिर गांव से गुजर रही एक ड्रेन के पास झाड़ियों में दोनों के शवों को फेंक दिया था।
इस मामले में पुलिस ने अभी तक 11 में से नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि अन्य दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। अभी महीना भर नहीं बीता और इसी तरह की एक और वारदात हो गई।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि थेह मुकेरियां निवासी 17 वर्षीय नवयुवक जयमल का अपने पड़ोस में रहने वाली युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी जानकारी लडक़ी के परिजनों को मिली तो वे आगबबूला हो गए। शुक्रवार की रात को लगभग 11 बजे एक युवकों ने जयमल को फोन कर घर से बाहर बुलाया और स्कूल के पास ले गया जहां पर पहले से खड़े तीन अन्य लोगों ने उस पर चाकुओं से हमला कर दिया।
हमलावरों ने जयमल की छाती, बाजू और पेट पर चाकू के कम से कम 15 वार किए। मौके पर ही मौजूद एक युवक करण ने जयमल को बचाने का प्रयास तो हाथ में चाकू लगने से वह भी घायल हो गया। सूचना पर गुहला थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
जयमल ही था परिवार को सहारा ः गत रात्रि गांव थेह मुकेरियां में मौत के घाट उतार दिए गए युवक जयमल सिंह का पिता व बहन दोनों अपाहिज हैं। घर की सारी जिम्मेवारी जयमल के सिर पर थी। अब जयमल की मौत हो जाने के बाद परिवार में कमाने वाला कोई नहीं बचा है।