संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। चीका रोड कैथल स्थित एक गेहूं के गोदाम में चौकीदार को बंधक बनाकर पांच-छह नकाबपोशों ने लूटपाट की। आरोपी ट्रांसफार्मर से तांबा, मोटरें, मोबाइल व अन्य सामान ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सेक्टर 20 निवासी राजेश कुमार ने शहर थाना में शिकायत दी कि उसका चीका रोड कैथल पर एक गेहूं का गोदाम व सीड क्लीनर है। 26 दिसंबर को सुबह चौकीदार रामनिवास ने फोन पर सूचना दी कि गोदाम में रात के समय लूट हो गई है। वह गोदाम में पहुंचा तो देखा कि चौकीदार काफी घबराया हुआ था। उसने बताया कि रात के समय करीब 12:30 बजे वह अपने कमरे में बैठा हुआ था। उसी समय पांच-छह नकाबपोश युवक जिनके मुंह बंधे हुए और हाथों में डंडे थे, अचानक वहां आ धमके। उन लोगों ने आते ही गोदाम के अंदर उसके कमरे का दरवाजा जबरदस्ती तोड़ दिया और उसे बंधक बनाकर मारपीट की।
इसके बाद गोदाम से सामान और उसका मोबाइल लूट ले गए। उसने गोदाम को चेक किया तो वहां से बिजली के ट्रांसफार्मर से तांबा व अन्य सारा सामान गायब था। अन्य कमरों व मशीनों को चेक किया तो दो कमरों के दरवाजे टूटे मिले। मशीन के कमरे से मोटरें व सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी नहीं मिली। गोदाम के चौकीदार को बंधक बनाकर करीब दो लाख रुपये का सामान लूट ले गए। जांच अधिकारी बलवान ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।