संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कलायत में एक फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में तीन नकाबपोश आरोपियों ने पिस्तौल के बल पर दो मोबाइल और सवा तीन लाख रुपये स ज्यादा की रकम लूट ली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव बहिया जिला सिरसा निवासी संजय कुमार ने कलायत थाना में शिकायत दी कि वह शक्ति नगर कलायत में अन्नपूर्णा फाइनेंस कंपनी में प्रबंधक है। तीन अक्तूबर को सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह और उनका क्रेडिट मैनेजर राजेश कुमार अपने कार्यालय में बैठे थे। तभी ब्रांच में तीन नकाबपोश लडक़े पहुंचे, जिन्होंने मुंह पर कपड़ा बांधकर हेलमेट पहन रखे थे। उनमें से एक आरोपी ने पिस्तौल दिखाया और मोबाइल देने के लिए कहा।
उसने व राजेश कुमार ने अपना मोबाइल दे दिया। फिर पिस्तौल दिखाकर मेज की दराज से तीन लाख, 25 हजार 550 रुपये जबरदस्ती निकाल लिए। ष
आरोपियों ने धमकी दी की यदि उनका पीछा किया तो गोली मार देंगे। ऐसा कहकर तीनों आरोपी कार्यालय का गेट बाहर से बंद करके भाग गए। आरोपियों ने गन प्वाइंट पर उनके कार्यालय में लूट की है।
थाना प्रभारी जयभगवान ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।