गांव चंदाना रोड पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डलवाने आए तीन युवकों ने सेल्समैन के साथ मारपीट की और पेट्रोल पंप पर जमकर तोड़फोड़ की। सेल्जमेन ने 24 हजार रुपये नकदी लूटने का भी आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस चौकी अनाज मंडी में दी शिकायत में कैथल चंदाना रोड पर चंदाना गांव के पास स्थित आयूश फिलिंग स्टेशन के सेल्समैन राजकुमार ने बताया कि बुधवार सुबह लगभग नौ बजे दो मोटर साइकिलों चार युवक आये और उससे उन्होंने 500 रुपये का तेल डलवाया। उसके बाद वे कहने लगे कि उनकी मोटर साइकिल में तेल नही डाला गया। इस पर उसने उनको तेल निकाल कर दिखा दिया कि यह तेल डाला गया है।
इस पर वे गाली गलौच करके चले गये। उसके बाद उन चार में से तीन युवक दोपहर लगभग डेढ़ बजे आये और फिर से 500 का तेल डलवाया। उसके बाद उन्होंने पैसे मांगने पर उसके साथ मारपीट की तथा ईंट पत्थरों के साथ पेट्रोल पम्प पर जमकर तोड़ फोड़ की। तोड़फोड़ में यहां कार्यालय के शीशे तोड़ दिए गए और अन्य सामान को भी काफी क्षति पहुंचाई। जाते समय अलमारी का ताला तोड़ कर उसमें रखें 24 हजार रुपये चुरा कर ले गये तथा रात को आग लगाने धमकी दे गए। उसने मामले की सूचना मालिक को दी। मालिक के बाहर होने के चलते पेट्रोल पंप मालिक एसोसिएशन के प्रधान पूर्ण चंद गुप्ता एवं अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि हमलावरों ने पेट्रोल पंप पर काफी तोड़फोड़ की है। जिससे भारी नुकसान हुआ है। वहीं इस तरह की घटनाओं के बीच पेट्रोल पंपों पर कैसे काम होगा। इस मामले में चारों युवकों की पहचान कर ली गई है। जिसके संबंध में पुलिस को सूचना भी दे दी गई है। इन सभी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इसके बाद एसोसिएशन के पदाधिकारी सचिव सत प्रकाश, सुशील कुमार, शीशपाल, संजय रावल नई मंडी चौकी पहुंचे और हमलावरों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की।
वहीं, नई अनाज मंडी चौकी इंचार्ज शिव कुमार ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं, एसएचओ रोहताश ने बताया कि पेट्रोल पंप संचालक द्वारा जो भी शिकायत दी जाएगी, उसी अनुसार कार्रवाई कर दी जाएगी। फिलहाल जांच जारी है।