कैथल। शहर में ढांड रोड स्थित एक रेस्तरां में वहां पर काम करने वाले रसोइये ने चाकू से स्वयं का गला रेतकर आत्महत्या कर ली। इससे पहले नहाने के बहाने उसने स्वयं को वहां पर बने बाथरूम में बंद कर लिया था। मामले में पुलिस ने मृतक के मामा के बयान पर इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की है। दुखद पहलू यह भी है कि गिरीश तीन बेटियों का पिता था और पत्नी भी आठ माह की गर्भवती है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है, हालांकि बताया जा रहा है कि वह पिछले कई दिनों से परेशान चल रहा था।
मृतक के मामा उत्तराखंड निवासी आनंद ने बताया कि उनके परिवार और रिश्तेदारों में से कुछ लोग काफी समय से उक्त रेस्तरां में कार्य करते हैं। शनिवार को सुबह के समय उत्तराखंड के जिला अल्मोड़ा गांव पनुवानौला का रहने वाला उसका 33 वर्षीय भांजा गिरीश रेस्तरां में कार्य कर रहा था। तभी उसने स्वयं को नहाने का बहाना बनाकर बाथरूम में बंद कर लिया और चाकू से अपना गला काट लिया। काफी देर तक उसके नहीं आने पर जब उन्होंने किसी तरह बाथरूम का दरवाजा तोड़कर खोला तो उसकी मौत हो चुकी थी। वे उसे जिला अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत करार दिया। वह आठ साल से रसोइये का कार्य करता था। बताया जा रहा है कि वह बीते माह अपने घर से आया था और तब से परेशान दिख रहा था। सिविल लाइन थाना एसएचओ राजकुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने 174 के तहत कार्रवाई की है। परिजनों ने बताया कि गिरीश शादीशुदा था। उसकी तीन तीन बेटियां हैं। बड़ी बेटी आठ साल की दिव्या, उससे छोटी प्रिया और सबसे छोटी मानसी है। गिरीश की पत्नी बबीता आठ माह की गर्भवती है।