संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। थाना कलायत क्षेत्र में प्लाट पर कब्जा करने की नीयत से जानलेवा हमला करने के मामले में सीआईए-1 की टीम ने कलायत निवासी सतबीर उर्फ सोनू रैबारी को गिरफ्तार किया है। डीएसपी कलायत रोहताश ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
सतबीर पर प्रवीण शर्मा उर्फ डुली, सलीम खान और अन्य साथियों के साथ मिलकर कमजोर लोगों के प्लाटों पर कब्जा करने, वसूली और धोखाधड़ी सहित वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह से जुड़े होने का आरोप है। सतबीर के खिलाफ आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, जबरन वसूली और धोखाधड़ी समेत 15 से अधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
शिकायतकर्ता वार्ड नंबर 12 कलायत निवासी शीशपाल ने बताया कि रेलवे रोड पर उसका खाली प्लाट था, जिसे उसने पत्नी माया देवी के साथ मिलकर वर्ष 2005 में उमेश और नीना को बेच दिया था। रजिस्ट्री खरीदारों के नाम होने के बावजूद भूमि की खेवट अलग होने के कारण इंतकाल उसके नाम रह गया था। आरोप है कि प्रवीण शर्मा उर्फ डुली ने प्लाट पर कब्जे के लिए फर्जी बयाना तैयार किया। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज है। माया देवी ने भी फर्जी हस्ताक्षर के आरोप में प्रवीण, सतबीर, सलीम और राकू राणा के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।
दीवार फांदकर प्लाट में घुसे आरोपी : शिकायत के अनुसार, 1 जुलाई की रात करीब साढ़े 10 बजे शीशपाल और माया देवी प्लाट में बैठे थे। तभी सतबीर के साथ दो-तीन युवक और तीन-चार नकाबपोश व्यक्ति दीवार फांदकर अंदर घुस आए। आरोप है कि उन्होंने दिन में किया निर्माण गिरा दिया और विरोध करने पर दोनों से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।
रात करीब दो बजे शीशपाल और उसकी पत्नी दोबारा प्लाट की ओर जा रहे थे। रेलवे रोड स्थित मोरवी नंदन अस्पताल के पास सफेद एंडेवर गाड़ी में सतबीर और एक अन्य युवक ने उनका रास्ता रोक लिया। माया देवी अस्पताल में चली गईं।
आरोप है कि सतबीर ने लोहे की पट्टी लगे डंडे से शीशपाल के सिर पर वार किया। इसके बाद आरोपियों ने उसका पीछा कर कई वार किए। वह नीचे गिरा तो भी डंडों से हमला किया गया। शोर होने पर आरोपी धमकी देते हुए गाड़ी से फरार हो गए।
पुलिस ने सतबीर को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और गिरोह से जुड़ी गतिविधियों को लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।