संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। गुरु गोबिंद सिंह राजकीय बहुतनीकी कॉलेज चीका में सोमवार को कंप्यूटर इंजीनियरिंग के छात्रों के लिए एंड्रॉयड प्रोग्रामिंग व उत्पादन प्रक्रिया पर व्याख्यानों का आयोजन किया गया। इन व्याख्यानों का उद्देश्य छात्रों को आधुनिक तकनीकों और उद्योग जगत की आवश्यकताओं से अवगत करवाना था ताकि छात्र अपने क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त कर सकें और प्रतिस्पर्धी इंडस्ट्री में अपनी जगह बना सकें।
पाथवे टू एंड्रॉयड प्रोग्रामिंग पर आधारित पहला व्याख्यान में नोवम कंट्रोलर के एंड्रॉयड डेवलपर इंजीनियर विशाल पंडित ने छात्रों को एंड्रॉयड ऐप डेवलपमेंट, जावा और कोटलिन प्रोग्रामिंग, यूजर इंटरफेस डिजाइन, एपीआई इंटीग्रेशन और गूगल प्ले स्टोर पर एप पब्लिशिंग से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी।
छात्रों को रियल टाइम प्रोजेक्ट और लाइव कोडिंग सेशन के माध्यम से एंड्रॉयड एप्लिकेशन विकसित करने की प्रक्रियाओं को भी समझाया गया। दूसरा व्याख्यान प्रोसेस ऑफ प्रोडेक्शन विषय पर आयोजित किया गया, जिसे नोवम कंट्रोलर के ट्रेनिंग मैनेजर
इंजीनियर शमशेर सिंह ने छात्रों को उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण, उत्पादन प्रबंधन, औद्योगिक मशीनों की कार्यप्रणाली और आधुनिक
उत्पादन तकनीकों के बारे में गहन जानकारी दी।
छात्रों ने औद्योगिक उत्पादन प्रक्रियाओं को समझने के लिए प्रायोगिक दृष्टिकोण से भी विचार विमर्श किया। संदीप नेहरा ने कहा कि कॉलेज का उद्देश्य केवल सैद्धांतिक शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रों के समग्र विकास पर विशेष ध्यान देना है।