कैथल। अधिवक्ता के साथ मारपीट के मामले में चल रहा वकीलों का रोष सोमवार को समाप्त हो गया। वकीलों ने एसपी के आश्वासन के बाद अपनी हड़ताल समाप्त कर दी। अब मंगलवार 18 अक्तूबर से सभी वकील अदालतों में नियमित रूप से काम करेंगे।
इससे पूर्व गत 7 अक्तूबर से अधिवक्ताओं की हड़ताल लगातार जारी थी। इस बारे में एक 10 सदस्य कमेटी का गठन किया था। कमेटी की बैठक जिला बार एसोसिएशन के प्रधान रविंदर तंवर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कमेटी सदस्यों ने बताया कि वे बलजीत मोर एडवोकेट के चेंबर में हमला होने के मामले में पुलिस अधीक्षक मकसूद अहमद से मिले थे। एसपी ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि बाकी सभी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इस आश्वासन के बाद वकीलों ने सात अक्तूबर से चलती आ रही हड़ताल समाप्त कर दी है।
गौरतलब है कि 16 अगस्त को छह लोगों ने वकील बलजीत मोर के चेंबर में आकर उन पर और उनके मुंशी पर हमला कर दिया था। इस बारे में दो आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं तथा दो अन्य ने उच्च न्यायालय से जमानत करवा ली है। अभी भी दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। बैठक में उप प्रधान संजीव बतान, सचिव करण कालड़ा, सह सचिव सुनीता मलिक, कोषाध्यक्ष संजीव सैनी, एडवोकेट्स कृष्ण लाल भारद्वाज, नफे सिंह बेरवाल, जयप्रकाश जागरण, रमेश गुप्ता, सुभाष चुघ, राजेंद्र ढुल, मनोज चौहान, शमशेर कालीरमन और हरपाल दुहन भी उपस्थित रहे।